त्योहारों से पहले खादी के कपड़े खरीदने वालों के लिए अच्छी खबर है। गांधी जयंती के मौके पर लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की कि 30 जनवरी 2027 तक खादी के कपड़ों पर 25 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। 30 जनवरी महात्मा गांधी की पुण्यतिथि है, यानी करीब चार महीने तक यह छूट मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी की 157वीं और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती पर दोनों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि खादी भारत के स्वाधीनता आंदोलन का मंत्र थी और आज भी यह आत्मनिर्भरता की पहचान है।

कारीगरों और बुनकरों का साथ देने की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर नागरिक को खादी को अपने रोजमर्रा के जीवन में शामिल करना चाहिए। खादी खरीदने से कारीगरों, शिल्पकारों और बुनकरों को सीधा फायदा मिलता है और यही स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सच्ची कृतज्ञता है। उन्होंने गांधी जी के 'स्वदेशी से स्वावलंबन' के विचार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'लोकल टू ग्लोबल' अभियान का भी जिक्र किया। प्रधानमंत्री ने भी गांधी जयंती पर लोगों से कम से कम एक खादी उत्पाद खरीदने की अपील की है।








