यूपी के मान्यता प्राप्त पत्रकारों को मिलेगी कैशलेस इलाज की सुविधा, आयुष्मान पोर्टल Go-Live करने को मंजूरी
यूपी के मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए बड़ी राहत! अब मिलेगी कैशलेस इलाज की सुविधा, आयुष्मान पोर्टल को Go-Live करने की मंजूरी—जानिए पत्रकारों और उनके परिवारों को कैसे मिलेगा इसका लाभ?
लखनऊ, 27 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश के मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल की गई है। आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) के अंतर्गत पत्रकारों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए विकसित नए पोर्टल को Go-Live करने की सहमति दे दी गई है। सूचना निदेशक विशाल सिंह की अध्यक्षता में सूचना निदेशालय के सभागार में पोर्टल के संचालन और इसकी प्रक्रिया को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
बैठक में स्टेट हेल्थ एजेंसी, आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अधिकारियों ने पोर्टल की कार्यप्रणाली का विस्तृत प्रस्तुतिकरण किया। इस दौरान मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों के आयुष्मान कार्ड जारी करने, आवेदन करने, दस्तावेजों का सत्यापन कराने और कार्ड डाउनलोड करने की प्रक्रिया को लाइव डेमो के माध्यम से समझाया गया।
एक सप्ताह में पोर्टल पर अपलोड करना होगा विवरण
सूचना निदेशक विशाल सिंह ने प्रदेश के सभी जिला सूचना अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके परिजनों के आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बने हैं, उनकी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराकर संबंधित विवरण एक सप्ताह के भीतर पोर्टल पर अपलोड किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रक्रिया की जानकारी मुख्यालय को उपलब्ध कराई जाए, ताकि वहां से आगे की कार्रवाई तेजी से पूरी कराई जा सके। सूचना निदेशक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही या शिथिलता नहीं बरती जानी चाहिए।
पत्रकारों के लिए सरल बनाया गया पोर्टल
विशाल सिंह ने कहा कि पोर्टल को इस तरह विकसित किया गया है कि मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके परिजनों को आवेदन से लेकर आयुष्मान कार्ड प्राप्त करने तक की प्रक्रिया में आसानी हो। इसका उद्देश्य पात्र पत्रकारों तक योजना के अंतर्गत उपलब्ध कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ शीघ्र पहुंचाना है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में सूचना निदेशालय मुख्यालय के साथ प्रदेश के सभी जिला सूचना कार्यालयों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। उन्हें पोर्टल के संचालन और आवेदन प्रक्रिया से संबंधित जरूरी जानकारियां दी गईं, ताकि जिलों में पत्रकारों के विवरण अपलोड करने और संबंधित औपचारिकताएं पूरी करने में किसी तरह की समस्या न आए।
फोटो विवरण
ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह, सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती, डॉ. जितेन्द्र प्रताप सिंह, अमित कुमार यादव सहित सूचना विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस पहल के तहत अब मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों के आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया को गति देने पर जोर दिया जा रहा है। जिला स्तर पर विवरण अपलोड होने के बाद मुख्यालय स्तर से आगे की कार्रवाई की जाएगी।