भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 में अपने अभियान की शुरुआत कर दी है। क्वार्टर फाइनल में जापान के खिलाफ मैदान पर उतरी टीम इंडिया की जर्सी ने सभी का ध्यान खींचा, क्योंकि इस बार खिलाड़ियों का लुक सामान्य मुकाबलों से अलग नजर आया। दरअसल, हाल ही में…
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 में अपने अभियान की शुरुआत कर दी है। क्वार्टर फाइनल में जापान के खिलाफ मैदान पर उतरी टीम इंडिया की जर्सी ने सभी का ध्यान खींचा, क्योंकि इस बार खिलाड़ियों का लुक सामान्य मुकाबलों से अलग नजर आया।
दरअसल, हाल ही में महिला एशिया कप में भारतीय टीम जिस जर्सी में खेली थी, उसमें अपोलो टायर्स की ब्रांडिंग दिखाई दे रही थी। वहीं एशियन गेम्स के लिए टीम इंडिया की जर्सी का डिजाइन और रंग दोनों अलग हैं। एडिडास भारतीय क्रिकेट टीम का आधिकारिक किट स्पॉन्सर है और उसका मौजूदा करार मार्च 2028 तक है।
जापान को 57 रन पर किया ऑलआउट
मैच की बात करें तो भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जापान की पूरी टीम को महज 57 रन पर ऑलआउट कर दिया।
श्री चरणी ने 4 विकेट हासिल किए, जबकि शेफाली वर्मा ने 2 विकेट चटकाए। श्रेयांका पाटिल और दीप्ति शर्मा को एक-एक सफलता मिली। जापान की ओर से हारुना इवास्की ने 10 और काटो स्टेफर्ड ने 25 रन बनाए। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका, जबकि चार खिलाड़ी अपना खाता भी नहीं खोल पाए।
कैसी है एशियन गेम्स की नई जर्सी?
एशिया कप के दौरान भारतीय महिला टीम की जर्सी गहरे नीले रंग की थी और कॉलर पर तिरंगे की पट्टी दिखाई देती थी। जर्सी पर बीसीसीआई का लोगो और अपोलो टायर्स की ब्रांडिंग भी थी।
वहीं एशियन गेम्स के लिए टीम की जर्सी आसमानी रंग की है, जिसमें सफेद पट्टी दिखाई देती है। इस जर्सी की बाजू पर तिरंगे की पट्टी नहीं है। सामने बीसीसीआई के लोगो की जगह JSW की ब्रांडिंग और ‘INDIA’ लिखा हुआ नजर आ रहा है।
एशियन गेम्स में क्यों बदली जर्सी?
एशियन गेम्स एक मल्टी-स्पोर्ट इवेंट है, जहां भारतीय दल की किट और ब्रांडिंग को लेकर अलग नियम लागू हो सकते हैं। ऐसे आयोजनों में राष्ट्रीय ओलंपिक दल की पहचान और ब्रांडिंग गाइडलाइंस के अनुरूप किट का इस्तेमाल किया जाता है।
इसके अलावा क्रिकेट में भी जरूरत के मुताबिक वैकल्पिक जर्सी का प्रावधान होता है। अगर दोनों टीमों की जर्सी का रंग एक जैसा या मिलता-जुलता हो, तो दूसरी टीम वैकल्पिक जर्सी पहन सकती है।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम एशियन गेम्स में डिफेंडिंग चैंपियन है और इस बार भी उसकी नजरें पदक पर हैं। जापान के खिलाफ मुकाबले में अलग जर्सी के साथ टीम इंडिया का अभियान शुरू हो चुका है।