बुधवार, 30 सितंबर 2026
लोकतंत्र लाइव टीवी लोगो
ब्रेकिंग

पीएम नरेंद्र मोदी ने जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का किया उद्घाटन, संशोधित उड़ान योजना से क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मिलेगी नई उड़ान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के जोधपुर एयरपोर्ट पर नवनिर्मित अत्याधुनिक टर्मिनल भवन का उद्घाटन करते हुए देश की संशोधित उड़ान (UDAN) योजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य देश के हर नागरिक तक सस्ती, सुरक्षित और…

V
V K Singh

2 मिनट

शेयर करें:
पीएम नरेंद्र मोदी ने जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का किया उद्घाटन, संशोधित उड़ान योजना से क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मिलेगी नई उड़ान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के जोधपुर एयरपोर्ट पर नवनिर्मित अत्याधुनिक टर्मिनल भवन का उद्घाटन करते हुए देश की संशोधित उड़ान (UDAN) योजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य देश के हर नागरिक तक सस्ती, सुरक्षित और सुलभ हवाई यात्रा की सुविधा पहुंचाना है। प्रधानमंत्री ने कहा कि संशोधित उड़ान योजना से क्षेत्रीय एयर कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी और छोटे शहरों को भी तेज विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा। कार्यक्रम में राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू, केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, नागर विमानन राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

करीब 480 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित जोधपुर एयरपोर्ट का नया टर्मिनल भवन 23 हजार वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में विकसित किया गया है और इसकी वार्षिक यात्री क्षमता लगभग 20 लाख है। टर्मिनल की वास्तुकला राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से प्रेरित है, जबकि इसमें आधुनिक यात्री सुविधाओं के साथ ऊर्जा संरक्षण, जल संरक्षण और हरित भवन निर्माण की तकनीकों को भी शामिल किया गया है। यह नया टर्मिनल यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ पश्चिमी राजस्थान में पर्यटन, व्यापार, उद्योग और निवेश को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सरकार का मानना है कि इससे जोधपुर सहित पूरे मारवाड़ क्षेत्र की हवाई संपर्क व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत होगी।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि संशोधित उड़ान योजना के तहत 28,840 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे अगले दस वर्षों में देश के विमानन क्षेत्र का व्यापक विस्तार होगा। योजना के अंतर्गत देशभर में 100 नए हवाई अड्डों के विकास, अप्रयुक्त हवाई पट्टियों के बेहतर उपयोग तथा दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में 200 आधुनिक हेलीपैड विकसित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके अलावा क्षेत्रीय उड़ानों को बढ़ावा देने के लिए एयरलाइन कंपनियों को 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की वायबिलिटी गैप फंडिंग सहायता जारी रखी जाएगी। सरकार का विश्वास है कि इन पहलों से देश के छोटे शहरों को बेहतर हवाई संपर्क मिलेगा, पर्यटन और निवेश को बढ़ावा मिलेगा तथा रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

शेयर करें:

ये भी पढ़ें

और देखें →