बिहार के पूर्णिया जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। अंधविश्वास के चलते दो छोटे भाइयों ने अपने बड़े भाई की कथित तौर पर भूत-प्रेत का साया होने की बात कहकर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने पहले बड़े भाई को कुर्ता पहनाया, फिर उसके हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद आंगन में धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। परिवार और आसपास के लोगों का कहना है कि आरोपी लंबे समय से मृतक पर भूत-प्रेत का साया होने का शक जता रहे थे, जिसके चलते उन्होंने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और शुरुआती जांच में अंधविश्वास को घटना की प्रमुख वजह माना जा रहा है। अधिकारियों ने लोगों से अंधविश्वास से दूर रहने और किसी भी तरह की अफवाह या झाड़-फूंक के बजाय वैज्ञानिक सोच अपनाने की अपील की है।









