नई दिल्ली। टीम इंडिया में वापसी की उम्मीद लगाए बैठे अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में जगह नहीं मिली है। बीसीसीआई के इस फैसले के बाद उनकी टीम इंडिया में वापसी को लेकर चल रही चर्चाओं पर…
नई दिल्ली। टीम इंडिया में वापसी की उम्मीद लगाए बैठे अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में जगह नहीं मिली है। बीसीसीआई के इस फैसले के बाद उनकी टीम इंडिया में वापसी को लेकर चल रही चर्चाओं पर फिलहाल विराम लग गया है।
दिलचस्प बात यह है कि टीम के ऐलान से करीब 48 घंटे पहले ही भुवनेश्वर कुमार ने जतिन सप्रू को दिए एक इंटरव्यू में भारतीय टीम में वापसी की इच्छा जाहिर की थी। उन्होंने कहा था कि वह किसी को कुछ साबित करने के लिए क्रिकेट नहीं खेल रहे हैं, लेकिन इसका मतलब यह भी नहीं है कि वह भारत के लिए नहीं खेलना चाहते।
भुवनेश्वर ने बातचीत में यह भी बताया था कि अब वह टीम में अपना नाम देखने के लिए लगातार इंतजार नहीं करते। उन्होंने कहा कि वह इस दौर से आगे बढ़ चुके हैं। उनके मुताबिक, 2022 टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भारत की हार के बाद उन्होंने अपनी पत्नी नूपुर से कहा था कि शायद यह उनका आखिरी वर्ल्ड कप था।
शानदार फॉर्म के बावजूद नहीं मिला मौका
भुवनेश्वर कुमार ने हाल के घरेलू और आईपीएल क्रिकेट में प्रभावी प्रदर्शन किया है। आईपीएल 2026 में उन्होंने 28 विकेट हासिल किए। इसके बाद यूपी टी20 लीग में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने लखनऊ फाल्कन्स की कप्तानी करते हुए टीम को फाइनल तक पहुंचाया और 11 मैचों में 14 विकेट लिए।
इन प्रदर्शनों के बाद भुवनेश्वर की भारतीय टीम में वापसी की चर्चा फिर शुरू हुई थी, लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे टीम में उन्हें शामिल नहीं किया गया।
2022 के बाद से नहीं खेला भारत के लिए
मेरठ में जन्मे भुवनेश्वर कुमार ने दिसंबर 2012 में पाकिस्तान के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। अपनी स्विंग गेंदबाजी के लिए मशहूर भुवनेश्वर ने भारत के लिए तीनों फॉर्मेट में क्रिकेट खेला है।
उनके अंतरराष्ट्रीय करियर में 21 टेस्ट में 63 विकेट, 121 वनडे में 141 विकेट और 87 टी20 इंटरनेशनल में 90 विकेट दर्ज हैं। आईपीएल में भी वह 200 विकेट का आंकड़ा पार करने वाले गेंदबाजों में शामिल हैं।
भारत के लिए उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 22 नवंबर 2022 को न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 मैच था। इसके बाद से वह राष्ट्रीय टीम में वापसी नहीं कर सके।
मोहम्मद शमी भी टीम से बाहर
वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भुवनेश्वर कुमार के साथ मोहम्मद शमी को भी टीम में जगह नहीं मिली है। चयनकर्ताओं ने तेज गेंदबाजी विभाग में मौजूदा विकल्पों के साथ आगे बढ़ने का फैसला किया है।
ऐसे में भुवनेश्वर के लिए भारतीय टीम में वापसी की राह और चुनौतीपूर्ण हो गई है। हालांकि उन्होंने अपने इंटरव्यू में स्पष्ट किया था कि वह क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे और चयन को लेकर अपना रवैया पहले की तुलना में काफी बदल चुके हैं।