बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी में पुलिस ने पाकिस्तान स्थित कथित आतंकी नेटवर्क से संपर्क के आरोप में 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान ढाका थाना क्षेत्र के बिसरहिया गांव निवासी मोहम्मद सेयाज आलम के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वह पाकिस्तान के शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े बताए जा रहे अली गुज्जर के संपर्क में सोशल मीडिया के जरिए था।
पुलिस के अनुसार, बिसरहिया गांव के पास वाहन चेकिंग के दौरान युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसके बाद पीछा कर उसे पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसका मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस का दावा है कि मोबाइल में आतंकी गतिविधियों से संबंधित वीडियो, फोटो और कथित देशविरोधी सामग्री मिली है।
पूछताछ में युवक के सोशल मीडिया संपर्कों की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस अब उसके डिजिटल नेटवर्क की जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि उसके संपर्क में और कौन-कौन लोग थे और कथित पाकिस्तानी नेटवर्क से उसका संपर्क किस स्तर तक था। मोबाइल में मौजूद चैट, सोशल मीडिया गतिविधियों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।









