रांची में एक प्रशिक्षु DSP के खिलाफ दर्ज हुई FIR ने पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है। प्रशिक्षु DSP अमित कुमार सिंह पर एक युवती ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शिकायत सामने आने पर उसे डराने-धमकाने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए झारखंड सरकार ने उन्हें निलंबित कर दिया है और विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता एक पीजी छात्रा है, जिसने झारखंड पुलिस मुख्यालय में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि प्रशिक्षु DSP अमित कुमार सिंह ने शादी का भरोसा दिलाकर उसके साथ संबंध बनाए। युवती का दावा है कि जब उसने शादी की बात की तो आरोपी ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी और मामला उजागर होने पर उसे चुप रहने के लिए कथित तौर पर दबाव भी बनाया गया।
शिकायत मिलने के बाद झारखंड पुलिस मुख्यालय ने पूरे मामले की आंतरिक जांच कराई। सूत्रों के मुताबिक जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर गृह विभाग ने प्रशिक्षु DSP अमित कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इसके साथ ही उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।








