**अखिलेश यादव से मिलीं आजम खान की पत्नी तंजीम फातिमा, सपा के तीसरे राज्यसभा उम्मीदवार को लेकर बढ़ी हलचल**
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल के बीच आजम खान की पत्नी और पूर्व राज्यसभा सांसद तंजीम फातिमा ने बुधवार को लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की। तंजीम फातिमा अपने बेटे के साथ अखिलेश यादव के आवास पहुंचीं और दोनों के बीच करीब सवा घंटे तक बातचीत हुई। हालांकि, मुलाकात के बाद अखिलेश यादव या तंजीम फातिमा की ओर से इसकी वजह को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
इस मुलाकात के बाद सपा के संभावित तीसरे राज्यसभा उम्मीदवार को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। सपा ने बुधवार को प्रो. राम गोपाल यादव और धनराज परिमल नथवानी को अपने दो उम्मीदवारों के तौर पर उतारा और दोनों ने अखिलेश यादव की मौजूदगी में नामांकन भी दाखिल किया। पार्टी की ओर से तीसरे उम्मीदवार के नाम की अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में तंजीम फातिमा की अखिलेश यादव से मुलाकात को संभावित तीसरे उम्मीदवार के नाम से जोड़कर राजनीतिक चर्चाएं की जा रही हैं।





