बागपत के नौरोजपुर गुर्जर गांव के किसान सचिन की हत्या के मामले में पुलिस ने अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी है। चार्जशीट में सचिन की पत्नी रचना, उसके प्रेमी सोनू और नींद की गोलियां उपलब्ध कराने वाले सागर उर्फ रितिक को हत्या का आरोपी बनाया गया है। सोनू मर्चेंट नेवी में सेकेंड क्लास इंजीनियर बताया गया है।
खीर में नींद की गोलियां, फिर तकिया
पुलिस जांच के मुताबिक रचना ने सचिन को नींद की गोलियां मिलाकर खीर खिलाई। सचिन के बेहोश होने के बाद रचना और सोनू ने तकिये से उसका दम घोंट दिया। इसके बाद रचना ने कहानी बनाई कि खेत में कीटनाशक छिड़कते समय सचिन की तबीयत बिगड़ गई थी।
सीसीटीवी और बच्चों की गवाही से खुला राज
परिवार को रचना की कहानी पर शक हुआ। उन्होंने आसपास के सीसीटीवी फुटेज देखे, जिसमें घटना के कुछ घंटे बाद एक युवक बाइक से घर से निकलता दिखा। इसी से आरोपी की पहचान हुई। सबसे अहम सबूत सचिन के 7 और 8 साल के दो बच्चों की गवाही है। बच्चों ने बताया कि उन्होंने अपनी मां और एक 'अंकल' को पिता का दम घोंटते देखा था।




