बिहार विधान परिषद की 8 सीटों के लिए कुल 164 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है। इनमें 4 स्नातक सीटों पर 98 और 4 शिक्षक सीटों पर 66 उम्मीदवार हैं। नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी और 23 अक्टूबर को सुबह 8 से शाम 4 बजे तक मतदान, जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना होगी।
बिहार विधान परिषद की **8 सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी** हो गई है। मंगलवार, 6 अक्टूबर को नामांकन की अंतिम तारीख थी। कुल **164 प्रत्याशियों** ने पर्चा दाखिल किया है। इनमें 4 स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों से 98 और 4 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से 66 प्रत्याशी शामिल हैं। अब 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच यानी स्क्रूटनी होगी, जबकि 9 अक्टूबर तक प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकेंगे।
स्नातक सीटों पर 98 नामांकन
स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में सबसे ज्यादा **40 नामांकन दरभंगा** सीट पर हुए हैं। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से 22, तिरहुत से 20 और कोसी से 16 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है। इस तरह चारों स्नातक सीटों पर कुल 98 उम्मीदवारों ने पर्चा भरा है।
शिक्षक सीटों पर 66 प्रत्याशियों ने भरा पर्चा
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की चार सीटों पर कुल **66 नामांकन** हुए हैं। इनमें पटना सीट से 22, सारण से 19, दरभंगा से 14 और तिरहुत से 11 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है। स्क्रूटनी और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन सीटों पर उम्मीदवारों की अंतिम तस्वीर साफ होगी।
इन 8 सीटों पर होना है चुनाव
बिहार विधान परिषद की जिन आठ सीटों पर चुनाव होना है, उनमें चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। स्नातक सीटों में **पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी** शामिल हैं। वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में **पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण** सीट पर चुनाव होना है।
23 अक्टूबर को मतदान, 27 अक्टूबर को मतगणना
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार इन आठ सीटों के लिए **23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान** कराया जाएगा। इसके बाद **27 अक्टूबर को मतगणना** होगी। नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी के बाद चुनावी मुकाबले की अंतिम तस्वीर सामने आएगी।
मौजूदा विधान पार्षदों में पटना स्नातक से नीरज कुमार, दरभंगा स्नातक से सर्वेश कुमार, तिरहुत स्नातक से वंशीधर व्रजवासी और कोसी स्नातक से डॉ. एनके यादव शामिल हैं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना से नवल किशोर यादव, दरभंगा से डॉ. मदन मोहन झा, तिरहुत से संजय कुमार और सारण से आफाक अहमद वर्तमान विधान पार्षद हैं।