दिल्ली के न्यू सीमापुरी इलाके में ईदगाह मछली मंडी के पास चार मंजिला रिहायशी इमारत ढहने के हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। गुरुवार सुबह मलबे से एक और शव निकाला गया। हादसे में आठ लोग घायल हुए हैं।
मृतकों में गर्भवती महिला और बच्ची
मृतकों में 21 वर्षीय गुलफ्सा शामिल हैं, जो करीब चार महीने की गर्भवती थीं। रिपोर्टों के मुताबिक मलबे में दबे होने के दौरान उन्होंने परिवार को फोन कर पानी मांगा था, बाद में अस्पताल में उनकी मौत हो गई। मृतकों में करीब 12 साल की एक बच्ची भी है।
घायलों में 3 साल का बच्चा भी
- मोमिन मिर्जा (56)
- अब्दुल रहमान (28)
- देवरुद्रिन (28)
- सलमा (50), छोटे (34), सकीना (35), समद (30)
- एक तीन साल का बच्चा
बगल की इमारत तोड़ने के दौरान हादसा?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पास की एक इमारत में तोड़फोड़ का काम चल रहा था, संभवतः मशीनों से। इससे हुए कंपन का असर इस इमारत पर पड़ा। कुछ रिपोर्टों में हाल के भूकंप के झटकों से इमारत में दरारें आने की बात भी कही गई है। हादसे की असल वजह जांच के बाद ही साफ होगी। राहत और बचाव कार्य जारी है।



