बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में शुक्रवार को जिउतिया पर्व की खुशियां मातम में बदल गईं। पहाड़पुर प्रखंड के बनकट गांव (वार्ड सात) में तालाब में नहाने गईं चार बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में दो सगी बहनें भी हैं।
बताया गया कि बच्चियां जिउतिया पर्व पर पारंपरिक स्नान के लिए गांव के तालाब पर गई थीं। नहाते समय चारों गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। शोर सुनकर ग्रामीण दौड़े और चारों को पानी से बाहर निकाला। उन्हें पहाड़पुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।

मृत बच्चियों की पहचान
- सोनामती, 13 वर्ष, पुत्री सरिता देवी
- फूलमती, 10 वर्ष, पुत्री सरिता देवी
- सोनाली कुमारी, 10 वर्ष, पुत्री तारा देवी
- प्रतिमा कुमारी, 12 वर्ष, पुत्री सुगंती देवी
अधिकारी पहुंचे, पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेजा। प्रखंड विकास पदाधिकारी अखिलेश कुमार और अंचलाधिकारी रामसेवक पासवान ने भी गांव पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की। स्थानीय विधायक के भाई रतन तिवारी ने भी पीड़ित परिवारों से मिलकर संवेदना जताई। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता देने की मांग की है।








