ग्वालियर के फूलबाग चिड़ियाघर के बाहर 18 वर्षीय नवविवाहिता अचानक लापता हो गई। पति के मुताबिक, वह बाइक पार्क करने गया था और लौटने पर पत्नी गायब मिली। CCTV में महिला एक अन्य युवक के साथ बाइक पर जाती दिखाई दी। पति ने अरमान खान नाम के युवक पर उसे बहला-फुसलाकर ले जाने का शक जताया है।
ग्वालियर में पत्नी के संदिग्ध परिस्थितियों में गायब होने का मामला सामने आया है। शिवपुरी से 18 वर्षीय पत्नी को बाइक पर बैठाकर ग्वालियर घुमाने और रिश्तेदारों से मिलवाने आए 21 वर्षीय युवक को उस समय बड़ा झटका लगा, जब चिड़ियाघर के बाहर से उसकी पत्नी अचानक लापता हो गई। पति की शिकायत के बाद पड़ाव थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें महिला एक अन्य युवक की बाइक पर बैठकर जाती हुई दिखाई दे रही है।
पत्नी को चिड़ियाघर घुमाने लाया था युवक
जानकारी के मुताबिक, शिवपुरी जिले के नरवर क्षेत्र का रहने वाला 21 वर्षीय युवक मंगलवार को अपनी 18 वर्षीय पत्नी के साथ बाइक से ग्वालियर आया था। दंपती को ग्वालियर में रिश्तेदारों से भी मिलना था। इसी दौरान पत्नी ने चिड़ियाघर घूमने की इच्छा जताई, जिसके बाद दोनों फूलबाग स्थित चिड़ियाघर पहुंचे।
पति के मुताबिक, उसने बाइक चिड़ियाघर के बाहर पार्किंग में खड़ी करने का फैसला किया और पत्नी को गेट के पास रुकने के लिए कहा। वह बाइक पार्क करने गया और कुछ देर बाद वापस लौटा तो पत्नी वहां नहीं मिली।
तलाश करने पर भी नहीं मिली पत्नी
पत्नी के अचानक गायब होने के बाद युवक ने आसपास उसकी तलाश की और लोगों से पूछताछ की। इसी दौरान उसे जानकारी मिली कि उसकी पत्नी किसी दूसरे युवक की बाइक पर बैठकर वहां से गई है। इसके बाद युवक अपने चाचा के साथ पड़ाव थाने पहुंचा और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी।
CCTV में दूसरे युवक की बाइक पर जाती दिखी महिला
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। एक कैमरे की रिकॉर्डिंग में महिला एक अन्य युवक की बाइक पर बैठकर जाती हुई दिखाई दी। पुलिस ने फुटेज में नजर आ रही महिला की तस्वीर उसके पति को दिखाई, जिसे उसने अपनी पत्नी के रूप में पहचाना।
पति ने प्रेमी पर लगाया ले जाने का आरोप
CCTV फुटेज सामने आने के बाद पति ने दावा किया कि महिला को बाइक पर ले जाने वाला युवक अरमान खान है और वह उसकी पत्नी का कथित प्रेमी है। पति ने पुलिस के सामने यह आशंका भी जताई कि उसकी पत्नी को कहीं बंधक बनाकर रखा गया हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने अभी CCTV में दिखाई दे रहे युवक की आधिकारिक पहचान की पुष्टि नहीं की है।
अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
महिला की पहचान उसके पति ने कर ली है, लेकिन बाइक सवार युवक की आधिकारिक पहचान स्पष्ट नहीं होने के कारण पुलिस ने फिलहाल अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर महिला की तलाश कर रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि महिला किस युवक के साथ गई और फिलहाल वह कहां है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।