13 साल की प्रशासनिक सेवा के बाद IAS की नौकरी छोड़ने वाली पूर्व अधिकारी दिव्या मित्तल ने अपने अगले कदम का ऐलान कर दिया है। उन्होंने राजनीति में उतरने की घोषणा की है। 29 सितंबर को जारी अपने वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि वह उत्तर प्रदेश से ही अपनी नई राजनीतिक यात्रा शुरू करेंगी और जनता के साथ मिलकर आगे बढ़ेंगी।
दिव्या मित्तल ने संकेत दिया है कि फिलहाल वह किसी राजनीतिक दल का झंडा नहीं उठाएंगी। उनकी योजना लोगों के साथ मिलकर एक स्वतंत्र राजनीतिक मंच खड़ा करने की है। उन्होंने कहा कि उनकी राजनीति का आधार जाति, धर्म, पैसा या बाहुबल नहीं, बल्कि जनता का समर्थन होगा।
अपने संदेश में पूर्व IAS अधिकारी ने प्रशासनिक व्यवस्था में आने वाली दिक्कतों और आम लोगों की समस्याओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अब वह लोगों के बीच रहकर उनकी आवाज उठाना चाहती हैं। उत्तर प्रदेश को उन्होंने अपनी कर्मभूमि बताते हुए यहीं से राजनीतिक पारी शुरू करने की बात कही है।







