आईसीसी की ताजा टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। पाकिस्तान के स्पिनर अबरार अहमद 736 रेटिंग पॉइंट के साथ टी20 इंटरनेशनल गेंदबाजों की रैंकिंग में नंबर-1 बन गए हैं। वहीं लंबे समय से शीर्ष स्थान पर रहने वाले अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान 735 रेटिंग के साथ दूसरे नंबर पर खिसक गए हैं। अबरार अहमद ने अपना आखिरी टी20 इंटरनेशनल मुकाबला फरवरी में खेला था, लेकिन ताजा रैंकिंग अपडेट में उन्हें शीर्ष स्थान हासिल हुआ है। राशिद खान को भारत के खिलाफ हालिया तीसरे टी20 मुकाबले में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाने का नुकसान हुआ। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में राशिद ने चार ओवर में 43 रन दिए थे। भारत ने यह मैच 127 रन से जीता था। टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया के एडम जाम्पा 700 रेटिंग के साथ तीसरे स्थान पर हैं, जबकि इंग्लैंड के आदिल राशिद 695 रेटिंग के साथ चौथे नंबर पर हैं। ऑस्ट्रेलिया के नेथन एलिस 675 रेटिंग के साथ पांचवें स्थान पर हैं। भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को दो स्थान का नुकसान हुआ है और वह अब सातवें नंबर पर हैं। इसके बावजूद वह टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में भारत के सबसे ऊंची रैंक वाले गेंदबाज हैं। इंग्लैंड के जेमी ओवरटन ने रैंकिंग में सबसे बड़ी छलांग लगाते हुए 47 स्थान की बढ़त हासिल की है और 674 रेटिंग के साथ छठे नंबर पर पहुंच गए हैं। भारत के अक्षर पटेल भी 12 पायदान ऊपर चढ़कर 639 रेटिंग के साथ 15वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में भारत के ईशान किशन 904 रेटिंग पॉइंट के साथ नंबर-1 पर बने हुए हैं, जबकि अभिषेक शर्मा 893 रेटिंग के साथ दूसरे स्थान पर हैं। इंग्लैंड के हैरी ब्रूक ने चार स्थान की बढ़त के साथ चौथा स्थान हासिल किया है। वहीं जोस बटलर भी टॉप-5 में पहुंच गए हैं और पांचवें स्थान पर हैं। ब्रूक ने हालिया टी20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया और 793 रेटिंग पॉइंट तक पहुंच गए।







