Kanpur Road Accident: उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में कई यात्रियों की जान संकट में पड़ गई। बिल्हौर के अरौल थाना क्षेत्र स्थित आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दिल्ली से बिहार जा रही एक डबल डेकर बस अचानक बेकाबू होकर पलट गई। पलटते ही बस के अंदर अफरा-तफरी मच गई और चारों ओर यात्रियों की चीख-पुकार गूंजने लगी।
तीन यात्रियों की मौत, 25 से अधिक घायल
हादसा इतना भीषण था कि बस के परखच्चे तक उड़ गए। इस दुर्घटना में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 24 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। अभी तक मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है और पुलिस पहचान कराने के प्रयास में जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली से बिहार जा रही यह डबल डेकर बस मंगलवार सुबह अरौल थाना क्षेत्र से गुजर ही रही थी कि अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। कुछ ही सेकंडों में बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। घटना की भयावहता का अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।




