नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे के 'अवैध चुनाव' वाले बयान पर संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने पलटवार किया है। रिजिजू ने खरगे से सवाल किया कि अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के चुनाव को वे अवैध बता रहे हैं, तो क्या वे खुद और राहुल गांधी भी अवैध सांसद हैं। उन्होंने खरगे से संविधान का अपमान बंद करने को कहा।
दरअसल, खरगे ने 3 अक्टूबर को कर्नाटक के कलबुर्गी में लोकसभा और सभी राज्य विधानसभाओं को भंग कर नए चुनाव कराने की मांग की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में हुए चुनाव अवैध प्रक्रिया के जरिए कराए गए और नए चुनाव बैलेट पेपर से होने चाहिए। उन्होंने ईवीएम के कथित दुरुपयोग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR में अनियमितताओं का भी आरोप लगाया।
खरगे ने दावा किया कि SIR से गरीबों, अशिक्षितों, कामगारों और खासकर अल्पसंख्यकों पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फॉर्म भरवाए जा रहे हैं। कांग्रेस ने SIR और चुनावी प्रक्रिया को लेकर अपना आंदोलन जारी रखने की बात कही है।




