लखनऊ में माता कल्पना बाजपेई सेवा ट्रस्ट का बड़ा संकल्प! कर्मचारी की बेटी की शादी से इलाज तक मिलेगी मदद
लखनऊ, 24 नवंबर 2026। माता कल्पना बाजपेई सेवा ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को लखनऊ प्रेस क्लब में आयोजित की गई। बैठक में ट्रस्ट के राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान ट्रस्ट के गठन के उद्देश्यों, सदस्यता अभियान, सामाजिक सुरक्षा एवं आउटसोर्सिंग, संविदा, दैनिक वेतनभोगी तथा अन्य श्रमिकों के परिवारों को आर्थिक एवं सामाजिक सहायता उपलब्ध कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में ट्रस्ट के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री दीपक बाजपेई ने कहा कि माता कल्पना बाजपेई सेवा ट्रस्ट का गठन एक विशेष उद्देश्य और सामाजिक संकल्प के साथ किया गया है। हमारा संकल्प है कि किसी भी आउटसोर्सिंग एवं संविदा कर्मचारी की बहन या बेटी का विवाह आर्थिक तंगी के कारण न रुके। किसी कर्मचारी का निधन होने पर उसका परिवार सहायता के लिए दर-दर न भटके। किसी कर्मचारी या श्रमिक के साथ दुर्घटना अथवा एक्सीडेंट होने पर उसके परिवार को तत्काल आर्थिक संकट का सामना न करना पड़े। किसी कर्मचारी को गंभीर बीमारी होने पर इलाज के अभाव में उसका परिवार आर्थिक तंगी से न गुजरे।
उन्होंने कहा कि आज लाखों आउटसोर्सिंग, संविदा, दैनिक वेतनभोगी एवं अन्य श्रमिक विभिन्न विभागों और संस्थानों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। ये कर्मचारी दिन-रात मेहनत करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं, लेकिन विपरीत परिस्थितियों में उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो जाता है। विशेषकर परिवार के कमाने वाले सदस्य के निधन के बाद बच्चों की शिक्षा, बेटी के विवाह और परिवार की आजीविका पर गंभीर असर पड़ता है। इसी पीड़ा और सामाजिक जिम्मेदारी को समझते हुए माता जी के नाम पर इस ट्रस्ट का गठन किया गया है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि ट्रस्ट से जुड़ने वाले सदस्यों एवं उनके परिवारों की जरूरत के समय सहायता के लिए प्रयास किया जाएगा। ट्रस्ट के माध्यम से पात्र सदस्यों को निर्धारित नियमों, सहायता प्रक्रिया एवं उपलब्ध संसाधनों के अनुसार सहयोग प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा। हमारा उद्देश्य केवल सदस्य बनाना नहीं, बल्कि जरूरत के समय सदस्य और उसके परिवार के साथ खड़े रहना है।
ट्रस्ट के माध्यम से प्रमुख रूप से निम्नलिखित सहायता कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा—
- विवाह सहायता: किसी आउटसोर्सिंग एवं संविदा कर्मचारी की बहन या बेटी का विवाह आर्थिक अभाव के कारण प्रभावित न हो, इसके लिए पात्र परिवारों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सहायता।
- मृत्यु सहायता: किसी सदस्य कर्मचारी के निधन पर उसके परिवार को आर्थिक सहयोग, ताकि परिवार बेसहारा न हो और बच्चों का भविष्य प्रभावित न हो।
- दुर्घटना सहायता: किसी सदस्य कर्मचारी के साथ दुर्घटना या एक्सीडेंट होने पर उसके परिवार को तत्काल राहत एवं आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास।
- गंभीर बीमारी सहायता: गंभीर बीमारी से पीड़ित सदस्य एवं उसके परिवार को उपचार के लिए आर्थिक सहयोग।
- शिक्षा एवं छात्रवृत्ति: सदस्यों के बच्चों की शिक्षा और भविष्य को बेहतर बनाने के लिए सहायता।
- महिला सशक्तिकरण: महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और जरूरतमंद महिलाओं को सहयोग देने के प्रयास।
- भोजन एवं स्वास्थ्य सेवा: जरूरतमंद परिवारों को भोजन, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा संबंधी सहायता।
- वरिष्ठ नागरिक सहायता: बुजुर्गों और असहाय व्यक्तियों को सहयोग एवं सम्मानजनक जीवन के लिए सहायता।
इस अवसर पर ट्रस्ट की राष्ट्रीय सह-संस्थापक एवं मुख्य सह संरक्षक श्रीमती चांदनी मिश्रा ने कहा कि किसी भी परिवार पर संकट आने पर समाज को उसके साथ खड़ा होना चाहिए। ट्रस्ट का उद्देश्य महिलाओं, बच्चों, विद्यार्थियों और जरूरतमंद परिवारों को सहयोग देना है। विशेष रूप से उन परिवारों की मदद करना जरूरी है जिनके सामने कमाने वाले सदस्य के बीमार होने, दुर्घटना का शिकार होने या निधन हो जाने के बाद जीवनयापन का संकट खड़ा हो जाता है।
प्रदेश अध्यक्ष श्री सनी कुमार चौधरी ने कहा कि ट्रस्ट का विस्तार उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों में किया जाएगा। इसके लिए सदस्यता अभियान चलाकर आउटसोर्सिंग एवं संविदा कर्मचारियों, दैनिक वेतनभोगी श्रमिकों तथा समाजसेवा की भावना रखने वाले लोगों को जोड़ा जाएगा, जिससे अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंचाई जा सके।
प्रदेश उपाध्यक्ष श्री बाबर अली ने कहा कि ट्रस्ट का प्रयास रहेगा कि किसी भी सदस्य के परिवार को विपरीत परिस्थितियों में अकेला न रहना पड़े। विशेषकर दुर्घटना, गंभीर बीमारी एवं परिवार के मुखिया के निधन जैसी परिस्थितियों में सहायता उपलब्ध कराने के लिए संगठनात्मक स्तर पर सक्रियता से कार्य किया जाएगा।
प्रदेश महामंत्री श्री शिवम पाल ने कहा कि ट्रस्ट के उद्देश्यों को केवल कागजों तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारने के लिए प्रत्येक जनपद में संगठन को मजबूत किया जाएगा। सदस्यता, जागरूकता और सहायता संबंधी गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाया जाएगा।
बैठक में सभी पदाधिकारियों ने एकजुट होकर ट्रस्ट के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने और जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक बाजपेई ने प्रदेश के सभी आउटसोर्सिंग एवं संविदा कर्मचारियों, दैनिक वेतनभोगी श्रमिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से ट्रस्ट से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि जब तक कर्मचारी नौकरी करता है, तब तक वह अपने परिवार का सहारा बनता है, लेकिन हमारा प्रयास है कि विपरीत परिस्थितियों में ट्रस्ट भी उसके परिवार का सहारा बन सके।
उन्होंने कहा कि माता जी के जीवन से मिली प्रेरणा को समाजसेवा के माध्यम से आगे बढ़ाना ही इस संस्था का सबसे बड़ा उद्देश्य है। हम चाहते हैं कि कोई बेटी आर्थिक अभाव में विवाह से वंचित न रहे, किसी बीमार कर्मचारी का परिवार इलाज के लिए परेशान न हो और किसी कर्मचारी के निधन के बाद उसके बच्चे एवं परिवार बेसहारा न हों।
ट्रस्ट से कैसे जुड़ें एवं सहायता प्राप्त करें?
माता कल्पना बाजपेई सेवा ट्रस्ट से जुड़ने के इच्छुक कर्मचारी एवं अन्य नागरिक ट्रस्ट की आधिकारिक वेबसाइट www.mkbt.in पर जाकर ऑनलाइन सदस्यता पंजीकरण कर सकते हैं। सदस्यता एवं सहायता से संबंधित जानकारी, आवेदन प्रक्रिया तथा आवश्यक विवरण वेबसाइट पर उपलब्ध माध्यमों से प्राप्त किए जा सकते हैं। सहायता निर्धारित नियमों, पात्रता एवं उपलब्ध संसाधनों के अनुसार प्रदान की जाएगी।
ट्रस्ट का मूल संकल्प एवं संदेश:
"सर्वजन के सहयोग से सर्वजन के हित।"
"सेवा ही संकल्प, समाज ही परिवार।"
"मानव सेवा ही माधव सेवा।"
माता कल्पना बाजपेई सेवा ट्रस्ट (MKBT)
राष्ट्रीय कार्यालय: सत्य घाट, पुराना टोपखाना, बालागंज, चौक, लखनऊ – 226003।
वेबसाइट: www.mkbt.in
संपर्क सूत्र: 8004480046, 7355303056