Mathura News: मथुरा के जमुना पार स्थित आनंद विहार कॉलोनी के पीछे श्री जी कुंज इलाके में भू-माफियाओं के हौसले दिनोंदिन बढ़ते जा रहे हैं। नगर निगम की करोड़ों रुपये मूल्य की कीमती जमीन पर माफिया लगातार अवैध कब्जा करते हुए खुलेआम बाउंड्री वॉल का निर्माण करा रहे हैं, मानो यह जमीन उनकी निजी संपत्ति हो। मजदूरों से दिन-रात घेराबंदी का काम जारी है, जिससे स्थानीय लोग बेहद चिंतित हैं।
शिकायतों के बावजूद प्रशासन की चुप्पी पर सवाल
स्थानीय नागरिकों ने कई बार नगर निगम मथुरा-वृंदावन को लिखित शिकायतें भेजीं। इसके साथ ही जिलाधिकारी को भी ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की गई। लेकिन आज तक न तो जमीन पर फेंसिंग की गई और न ही कब्जाधारियों के खिलाफ कोई सख्त कदम उठाया गया।
लोगों का आरोप है कि हर बार सिर्फ आश्वासन दिया जाता है, जबकि ज़मीन पर कब्जा लगातार बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने यह भी खुलासा किया कि इसी क्षेत्र में माफिया पहले भी नगर निगम की जमीन का अवैध बैनामा कर चुके हैं। उन प्लॉट्स को बेचकर मकान भी खड़े करा दिए गए, लेकिन निगम ने न तो उन बैनामों को रद्द कराया और न ही किसी आरोपी पर एफआईआर दर्ज की। इसी लापरवाही का फायदा उठाकर अब माफिया दूसरी जमीन पर भी कब्जा करने में सक्रिय हो गए हैं।









