नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 की प्रोविजनल आंसर-की जारी कर दी है। आंसर-की में एक प्रश्न को सभी प्रश्न-पुस्तिका कोड से ड्रॉप कर दिया गया है। एनटीए के नियमों के अनुसार, यदि कोई प्रश्न ड्रॉप किया जाता है तो उस प्रश्न के 4 अंक सभी अभ्यर्थियों को दिए जाते हैं, चाहे उन्होंने उस प्रश्न का उत्तर दिया हो या नहीं।
इसके अलावा फिजिक्स के एक अन्य प्रश्न को लेकर भी चर्चा है, जिसमें दो उत्तर सही माने गए हैं। ऐसे मामलों में जिन अभ्यर्थियों ने दोनों में से किसी एक सही विकल्प का चयन किया है, उन्हें निर्धारित अंक दिए जाएंगे। फिलहाल यह प्रोविजनल आंसर-की है और उम्मीदवार तय समय सीमा के भीतर आपत्तियां भी दर्ज करा सकते हैं।
एनटीए सभी आपत्तियों की समीक्षा करने के बाद फाइनल आंसर-की जारी करेगा, जिसके आधार पर NEET UG 2026 का परिणाम तैयार किया जाएगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें और अंतिम परिणाम जारी होने तक किसी भी वायरल दावे को सत्य न मानें।







