भुवनेश्वर। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने गुरुवार को भुवनेश्वर बम विस्फोट मामले में दो आरोपियों के खिलाफ भुवनेश्वर की विशेष एनआईए अदालत में आरोप पत्र दाखिल कर दिया। आरोप पत्र भारतीय न्याय संहिता, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और विस्फोटक अधिनियम की धाराओं के तहत दाखिल किया गया है।
क्या था मामला
27 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 2:45 बजे भुवनेश्वर के सुंदरपाड़ा इलाके में न्यू आज़ादनगर में धमाका हुआ था। एनआईए के मुताबिक चार लोग कथित तौर पर अपराध के इरादे से बम बना रहे थे, तभी विस्फोट हो गया। चारों गंभीर रूप से झुलस गए, जिनमें से दो की बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई।
एनआईए ने संभाली थी जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए एनआईए ने 4 अप्रैल को जांच अपने हाथ में ली और केस दोबारा दर्ज किया। जांच एजेंसी के अनुसार आरोपी आपराधिक साज़िश में शामिल थे। उन्होंने अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री जुटाई और बम बनाते समय धमाका हुआ।



