ओडिशा में 8 अक्टूबर को राज्यव्यापी बंद रहेगा। विपक्षी INDIA गठबंधन के दलों ने तीन मांगों को लेकर बंद का आह्वान किया है। बंद का ऐलान 29 सितंबर को भुवनेश्वर में हुई 'परिवर्तन रैली' में किया गया था।
बंद में कांग्रेस, भाकपा, माकपा, भाकपा (माले) लिबरेशन, फॉरवर्ड ब्लॉक, एनसीपी (शरद पवार), समाजवादी पार्टी और राजद शामिल हैं। ओडिशा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भक्त चरण दास ने कहा कि INDIA गठबंधन के दल तीन मांगों को लेकर विरोध कर रहे हैं।
बंद की तीन मांगें
- खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) यानी MMDR संशोधन अधिनियम, 2026 को पूरी तरह रद्द किया जाए
- मतदाता सूची में गड़बड़ियों के आरोप पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें
- स्कूली पाठ्यपुस्तकों में गलतियों को लेकर स्कूल एवं जन शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड इस्तीफा दें और उनकी गिरफ्तारी हो
आगे की रणनीति
बंद राजधानी भुवनेश्वर से लेकर गांवों तक पूरे राज्य में करने का दावा किया गया है। विपक्षी दलों ने ओडिशा विधानसभा और मुख्यमंत्री आवास के घेराव की योजना भी बनाई है।







