भुवनेश्वर। ओडिशा के हज़ारों जूनियर शिक्षकों के लिए राहत की खबर है। राज्य सरकार ने 2023-24 में भर्ती हुए जूनियर टीचर (स्कीमैटिक) को नियमित करने की तारीख में बदलाव किया है। अब इन्हें 1 जनवरी 2026 से प्रारंभिक कैडर के लेवल-V(A) में सहायक शिक्षक के रूप में नियमित माना जाएगा। स्कूल एवं जन शिक्षा विभाग ने 1 अक्टूबर को इसकी अधिसूचना जारी की, जिसे ओडिशा गजट के असाधारण अंक में प्रकाशित किया जाएगा।
क्या मिलेगा फायदा
नियमित होने वाले शिक्षकों को 1 जनवरी 2026 से सहायक शिक्षक लेवल-V(A) का नियमित वेतन और दूसरे मान्य सेवा लाभ मिलेंगे। यह फायदा उन शिक्षकों को मिलेगा जो सही भर्ती प्रक्रिया से नियुक्त हुए, अभी सेवा में हैं और तय शर्तें पूरी करते हैं।
पहले की सेवा का क्या होगा
नियुक्ति की तारीख से 31 दिसंबर 2025 तक की सेवा स्कीमैटिक या संविदा सेवा मानी जाएगी। इस अवधि के लिए नियमित कैडर की वरिष्ठता या नियमितीकरण से पहले के किसी दूसरे लाभ का दावा नहीं किया जा सकेगा।







