विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 कार्यक्रम के प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विशाख जी0 द्वारा विधानसभा क्षेत्र-172, लखनऊ उत्तर के विभिन्न मतदेय स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया गया। इस अभियान के अंतर्गत पहली बार मतदाता बनने की अर्हता प्राप्त कर रहे युवाओं सहित निर्वाचक नामावली में नाम दर्ज कराने से वंचित अन्य पात्र नागरिकों के पंजीकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने अलीगंज मांटेसरी स्कूल, अलीगंज स्थित मतदेय स्थल संख्या 211, 212 एवं 213 तथा प्राथमिक विद्यालय, चांदगंज स्थित मतदेय स्थल संख्या 218 एवं 219 का निरीक्षण किया। इस दौरान सभी बूथों पर संबंधित बीएलओ उपस्थित पाए गए। जिलाधिकारी ने निर्वाचन संबंधी कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देशित किया कि बीएलओ द्वारा डोर-टू-डोर सर्वे करते हुए ASDD सूची में शामिल मतदाताओं का सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं एवं अन्य पात्र नागरिकों का चिन्हांकन कर उनका नाम निर्वाचक नामावली में दर्ज कराने की कार्यवाही प्राथमिकता पर की जाए।
फोटो विवरणफोटो विवरण
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि बीएलओ द्वारा प्राप्त फर्मों की फीडिंग उसी दिन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए, ताकि पुनरीक्षण कार्य में किसी प्रकार का विलंब न हो।
उक्त के पश्चात कलेक्ट्रट सभागार में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने तथा प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आहूत की गई।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में राजनीतिक दलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी राजनीतिक दलों से अनुरोध है कि प्रत्येक बूथ पर अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त करें, जिससे बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि आगामी विशेष अभियान की तिथियों 28 एवं 29 नवंबर को बीएलओ अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहेंगे। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी अपने बीएलए के माध्यम से अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।
बैठक के अंत में जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 को सफल बनाने में प्रशासन का सहयोग करें तथा अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित कराने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
फोटो विवरण
उक्त बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन/उप जिला निर्वाचन अधिकारी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, समस्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।