गोंडा में दरभंगा से नई दिल्ली जा रही 12565 बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस पर कुसमी जंगल के पास अज्ञात लोगों ने पथराव कर दिया। चलती ट्रेन पर अचानक पत्थर बरसने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। घटना में महिला यात्री समेत दो लोग घायल हुए हैं। बताया गया कि 20…
गोंडा में दरभंगा से नई दिल्ली जा रही 12565 बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस पर कुसमी जंगल के पास अज्ञात लोगों ने पथराव कर दिया। चलती ट्रेन पर अचानक पत्थर बरसने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। घटना में महिला यात्री समेत दो लोग घायल हुए हैं।
बताया गया कि 20 सितंबर की शाम गोरखपुर से ट्रेन के रवाना होने के बाद कुसमी जंगल पार करने के बाद अंडरपास से पहले ट्रेन पर पत्थर फेंके गए। दरभंगा से दिल्ली जा रहीं 45 वर्षीय इंदिरा देवी के आंख के पास चोट लगी। वहीं, जनरल कोच में यात्रा कर रहे दरभंगा निवासी सुनील ठाकुर की ठुड्डी में चोट आई।
गोंडा स्टेशन पर कराया गया इलाज
रेलवे कंट्रोल से सूचना मिलने के बाद ट्रेन के गोंडा स्टेशन पहुंचते ही घायलों के उपचार की व्यवस्था की गई। उप मंडलीय चिकित्सालय की डॉ. प्रतिभा सिंह टीम के साथ स्टेशन पहुंचीं और दोनों यात्रियों का इलाज किया।
ट्रेन करीब 6:30 बजे गोंडा स्टेशन पहुंची और उपचार के बाद लगभग 7 बजे रवाना कर दी गई। इलाज के बाद दोनों यात्रियों ने खुद को ठीक बताया।
RPF ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद RPF ने कुसमी जंगल और आसपास के इलाके में पथराव करने वालों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की टीम घटना के कारणों और आरोपियों की पहचान के लिए जानकारी जुटा रही है।
चलती ट्रेन पर पथराव की इस घटना ने एक बार फिर रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल मामले में किसी आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई है।