इस्लामाबाद में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के राष्ट्रीय समन्वयकों की तीन दिवसीय बैठक शुरू हो गई है। 28 से 30 सितंबर तक चल रही इस बैठक में भारत समेत SCO के सदस्य देशों के राष्ट्रीय समन्वयक हिस्सा ले रहे हैं। भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व राष्ट्रीय समन्वयक आलोक डिमरी कर रहे हैं। यह पाकिस्तान में भारत की उच्चस्तरीय आधिकारिक भागीदारी का एक अहम उदाहरण है, जबकि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों में तनाव बना हुआ है।
बैठक की अध्यक्षता पाकिस्तान के SCO राष्ट्रीय समन्वयक मोहम्मद फैसल कर रहे हैं। चर्चा का मुख्य एजेंडा पाकिस्तान की 2026-27 की अध्यक्षता के दौरान होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा, आगामी SCO बैठकों की तैयारियां और संगठन के सहयोग एवं समन्वय से जुड़े मुद्दे हैं। पाकिस्तान ने अपनी अध्यक्षता के लिए “Turning Vision into Action: Connectivity, Innovation and Shared Prosperity” थीम तय की है।
अगस्त 2027 में इस्लामाबाद में SCO शिखर सम्मेलन
राष्ट्रीय समन्वयकों की बैठक को अगले साल होने वाले SCO राष्ट्राध्यक्ष परिषद के शिखर सम्मेलन की तैयारियों की शुरुआती प्रक्रिया का हिस्सा माना जा रहा है। पाकिस्तान अगस्त 2027 में इस्लामाबाद में SCO राष्ट्राध्यक्षों की बैठक की मेजबानी करेगा। राष्ट्रीय समन्वयकों की बैठक में आगामी उच्चस्तरीय कार्यक्रमों के कैलेंडर और तैयारियों को लेकर सदस्य देशों के बीच समन्वय किया जा रहा है।








