बिहार के रोहतास जिले के बिक्रमगंज शहर में शुक्रवार रात सियार के हमले से अफरातफरी मच गई। तेंदुनी चौक और आसपास के इलाकों में अचानक एक सियार ने लोगों पर हमला कर दिया। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, हमले में 12 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत…
बिहार के रोहतास जिले के बिक्रमगंज शहर में शुक्रवार रात सियार के हमले से अफरातफरी मच गई। तेंदुनी चौक और आसपास के इलाकों में अचानक एक सियार ने लोगों पर हमला कर दिया। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, हमले में 12 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
बताया गया कि रात करीब 8 बजे तेंदुनी चौक के आसपास लोग अपने काम में व्यस्त थे। इसी दौरान एक सियार वहां पहुंचा और लोगों को काटना शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कुछ ही देर में कई लोग घायल हो गए।
अस्पताल में घायलों का इलाज
घायलों को बिक्रमगंज अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। देर रात तक आठ घायलों के अस्पताल पहुंचने की जानकारी सामने आई। सभी का प्राथमिक उपचार किया गया और रैबीज रोधी इंजेक्शन लगाया गया। अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. अभिनंदन कुमार की मौजूदगी में घायलों का इलाज किया गया। वहीं, अनुमंडलाधिकारी दिलीप कुमार ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना।
युवक के होंठ पर गंभीर चोट
सियार के हमले में एक युवक के होंठ पर गंभीर चोट आई है। उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। प्रशासन के अनुसार अधिकांश घायलों की हालत बेहतर है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सियार को पीटकर मार डाला। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मृत सियार को कब्जे में ले लिया।
पोस्टमार्टम से खुलेगा वजह का राज
वन रेंज पदाधिकारी विनय कुमार के अनुसार मृत सियार का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि सियार रैबीज से संक्रमित था या किसी अन्य वजह से उसका व्यवहार असामान्य हुआ था।
फिलहाल प्रशासन और वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और जंगली जानवर दिखाई देने पर खुद कार्रवाई करने के बजाय संबंधित विभाग को सूचना देने की अपील की है।