पश्चिम बंगाल में विधानसभा उपचुनाव से पहले ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल कांग्रेस गुट को एक और झटका लगा है। रेजीनगर विधानसभा सीट से टीएमसी उम्मीदवार रबीउल आलम चौधरी ने शनिवार, 19 सितंबर को अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली। इसके साथ ही नंदीग्राम के बाद रेजीनगर में भी ममता बनर्जी के गुट का कोई उम्मीदवार चुनाव मैदान में नहीं रहेगा।
रबीउल आलम ने क्यों वापस लिया नाम?
रबीउल आलम चौधरी ने नामांकन वापस लेने की वजह बताते हुए कहा कि चुनाव में अब समय काफी कम बचा है और नए चुनाव चिन्ह को मतदाताओं तक पहुंचाना मुश्किल होगा। उन्होंने यह भी कहा कि चुनावी मैदान में कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना और बूथों पर एजेंट की व्यवस्था करना चुनौतीपूर्ण हो रहा था। रबीउल के मुताबिक, उन्होंने अपने फैसले की जानकारी ममता बनर्जी को भी दे दी है।
नंदीग्राम के बाद रेजीनगर में भी उम्मीदवार नहीं
इससे एक दिन पहले ममता बनर्जी के गुट की नंदीग्राम उम्मीदवार संचिता प्रधान डे ने भी अपना नामांकन वापस लिया था। इसके बाद ममता बनर्जी ने नंदीग्राम में कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को समर्थन देने की घोषणा की थी। अब रेजीनगर में भी रबीउल आलम के हटने के बाद ममता गुट का कोई उम्मीदवार मैदान में नहीं है।







