यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार रात दिल्ली से आगरा जा रही राज कल्पना ट्रैवल्स की बस में भीषण आग लगने के मामले में पुलिस ने ड्राइवर और कंडक्टर को हिरासत में लिया है। हादसे में 9 यात्रियों की मौत की बात FIR में दर्ज की गई है। मामले की जांच इंस्पेक्टर अजय कुमार सिंह को सौंपी गई है। FIR के मुताबिक, बस नंबर BR32PA8647 दिल्ली के कश्मीरी गेट से आगरा के लिए रवाना हुई थी। बस को ड्राइवर पवन कुमार चला रहा था, जबकि कंडक्टर योगेश भी बस में मौजूद था। बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। यमुना एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर 33 के पास कुछ यात्रियों को बस के अंदर जलने जैसी गंध महसूस हुई। यात्रियों ने इसकी जानकारी ड्राइवर और कंडक्टर को दी, लेकिन शिकायत के मुताबिक बस को तत्काल नहीं रोका गया। कुछ देर बाद ड्राइवर की सीट के पास से आग की लपटें निकलने लगीं और देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। बस के अंदर तेजी से धुआं भरने के कारण यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। अचानक लगी आग में कई यात्री बस के अंदर फंस गए। हादसे के बाद झुलसे यात्रियों को इलाज के लिए कैलाश अस्पताल, जेवर ले जाया गया, जहां FIR के अनुसार 9 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। शिकायत में ड्राइवर और कंडक्टर पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर लापरवाही बरतने और समय रहते बस नहीं रोकने के आरोप लगाए गए हैं। आग की वजह से यात्रियों के बैग, मोबाइल फोन और अन्य सामान भी जलने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बस में आग किस वजह से लगी और यात्रियों द्वारा आग की जानकारी दिए जाने के बाद बस को तुरंत क्यों नहीं रोका गया।