ग्रेटर नोएडा के चर्चित निक्की भाटी मौत मामले में करीब नौ महीने बाद बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। लंबे समय से चले आ रहे विवाद के बाद पंचायत की मध्यस्थता में दोनों परिवारों के बीच सहमति बन गई है। पंचायत में कई दौर की बातचीत के बाद दोनों पक्ष बच्चों के भविष्य और पारिवारिक हितों को ध्यान में रखते हुए एक फैसले पर पहुंचे हैं।
जानकारी के अनुसार, समझौते के तहत निक्की भाटी की बहन कंचन अपने ससुराल वापस लौटेंगी। इसके साथ ही निक्की के बच्चों के नाम संपत्ति हस्तांतरित करने को लेकर भी दोनों परिवारों के बीच सहमति बनी है। परिवार के लोगों का कहना है कि बच्चों के अधिकार सुरक्षित करने और उनके भविष्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, समझौते के बाद निक्की का परिवार अदालत में शपथ पत्र दाखिल कर मामले को वापस लेने की कानूनी प्रक्रिया भी शुरू कर सकता है। पंचायत में दोनों परिवारों के बुजुर्गों और समाज के प्रमुख लोगों की मौजूदगी में लंबी चर्चा के बाद इस फैसले पर सहमति बनी।








