नवरात्रि और अपने ब्रांड स्वदेश की पहली वर्षगांठ के जश्न में ईशा अंबानी अपने खास पारंपरिक लुक को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने डिजाइनर करण तोरानी के साथ स्वदेश के सहयोग से तैयार किया गया लहंगा पहना, जिस पर राधा-कृष्ण की रासलीला और भारतीय संस्कृति से जुड़ी कलाकृतियां उकेरी गई हैं।
फैशन डेस्क: नवरात्रि के मौके पर अंबानी परिवार का खास अंदाज एक बार फिर चर्चा में है। ‘स्वदेश’ के एक साल पूरे होने के अवसर पर ईशा अंबानी अपने शानदार एथनिक लुक में नजर आईं। उनके मल्टीकलर लहंगे ने लोगों का ध्यान खींचा है। इस खास परिधान को फैशन डिजाइनर करण तोरानी ने तैयार किया है, जिसमें भारतीय पारंपरिक कला और बारीक कारीगरी का अनूठा संगम देखने को मिलता है।
2,000 घंटे की मेहनत से तैयार हुआ लहंगा
ईशा अंबानी के इस खास लहंगे को करीब 10 कारीगरों ने मिलकर तैयार किया। रिपोर्ट के मुताबिक, इसे बनाने में 2,000 घंटे से ज्यादा का समय लगा, जबकि लहंगे पर उकेरी गई पेंटिंग को तैयार करने में 90 दिनों से अधिक मेहनत की गई। करण तोरानी ने ‘स्वदेश’ के साथ मिलकर इस खास नवरात्रि लुक को आकार दिया।
लहंगे पर सजी राधा-कृष्ण की रासलीला
इस लहंगे की सबसे खास बात इसकी कलात्मक डिजाइन है। इसमें कलमकारी और ओडिशा की पट्टचित्र कला का खूबसूरत मेल दिखाई देता है। प्योर सिल्क पर राधा-कृष्ण की रासलीला को लहंगे की कलियों, चोली और दुपट्टे पर उकेरा गया है।
पारंपरिक चित्रकारी के साथ जर्दोजी, फ्रेंच नॉट्स, मोतियों, शीशे और सजावटी लटकनों का काम किया गया है। डिजाइन में गरबा की लय, सामूहिक नृत्य और देवी शक्ति की कोमलता व साहस को दर्शाने की कोशिश की गई है।
करण तोरानी के डिजाइन की मुरीद हैं ईशा
डिजाइनर करण तोरानी ने इस लुक के पीछे की अपनी कहानी भी साझा की। उनके मुताबिक, साल 2018 में ईशा अंबानी की नजर उनके प्रिंटेड कुर्ते पर पड़ी थी। उस समय तोरानी अपने ब्रांड को एक छोटे से गैराज से आगे बढ़ाने में जुटे थे। अब ईशा के लिए यह खास परिधान तैयार करना उनके लिए एक यादगार अनुभव बन गया।
ज्वेलरी और हेयरस्टाइल ने बढ़ाई खूबसूरती
ईशा अंबानी ने लहंगे के साथ झुमके, गुजराती-राजस्थानी अंदाज वाला चोकर, कंगन और पारंपरिक हेयर एक्सेसरीज पहनीं। खुले बालों और रंगीन एथनिक परिधान ने उनके लुक को और आकर्षक बनाया। नवरात्रि में गरबा और डांडिया के लिए यह लुक पारंपरिक फैशन से प्रेरणा लेने वालों के बीच खास चर्चा में है।
ईशा अंबानी का यह लुक सिर्फ फैशन तक सीमित नहीं है, बल्कि भारतीय हस्तशिल्प, पारंपरिक चित्रकला और कारीगरों की मेहनत को भी खूबसूरती से सामने लाता है।