गुरुवार, 1 अक्टूबर 2026
लोकतंत्र लाइव टीवी लोगो
ब्रेकिंग

लखनऊ उद्योग बंधु बैठक में डीएम के सख्त निर्देश, औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं के जल्द समाधान पर जोर

लखनऊ की उद्योग बंधु बैठक में डीएम ने औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं के जल्द समाधान के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। बैठक में उद्योगों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए समयबद्ध कार्रवाई पर जोर दिया गया।

P
Pawan Kumar

3 मिनट लखनऊ

शेयर करें:
लखनऊ उद्योग बंधु बैठक में डीएम के सख्त निर्देश, औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं के जल्द समाधान पर जोर
Loktantra Live TV

लखनऊ, 29 सितंबर 2026
जिलाधिकारी लखनऊ श्री विशाख जी0 की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बंधु की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों, संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों तथा उद्योग विभाग के अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग करते हुए औद्योगिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में निवेश मित्र पोर्टल 2.0 एवं 3.0 पर लंबित प्रकरणों के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई तथा समय सीमा से परे लंबित मुख्यतः हाउसिंग, फिल्म बन्धु, कृषि विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, प्रदूषण विभाग, विद्युत विभाग के प्रकरणों पर संबंधित विभागों के नोडल अधिकारियों को जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि निवेश मित्र पोर्टल पर प्रदर्शित समस्त प्रकरण का साप्ताहिक समीक्षा करते हुए निर्धारित समय के अन्दर निस्तारण करना सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी प्रकरण समय सीमा से परे न जाने पाये।

औद्योगिक क्षेत्र अमौसी/नादरगंज एवं सरोजनीनगर में अवस्थापना सुविधाओं के विकास की समीक्षा के दौरान औद्योगिक क्षेत्र सरोजनीनगर में एनएचएआई द्वारा लखनऊ-कानपुर मार्ग के किनारे निर्मित किए जा रहे ड्रेन का लेवल औद्योगिक क्षेत्र के ड्रेन के लेवल से ऊंचा होने के कारण उत्पन्न जल निकासी की समस्या के निस्तारण के संबंध में चर्चा की गई। पूर्व में गठित संयुक्त समिति द्वारा स्थलीय निरीक्षण के उपरांत तैयार रिपोर्ट शासन को बजट स्वीकृति हेतु प्रेषित की गई थी। इस संबंध में नगर निगम द्वारा अवगत कराया गया कि ड्रेनेज व्यवस्था के विकास हेतु प्रस्ताव स्वीकृत हो गया है तथा उक्त कार्य सी एण्ड डीएस (C&DS) द्वारा कराया जाएगा।

उक्त के अतिरिक्त, उद्यमियों द्वारा अवगत कराया गया कि औद्योगिक क्षेत्र की आंतरिक सड़कों पर गड्ढे एवं जलभराव की गंभीर समस्या है, जिससे परिवहन व्यवस्था तथा औद्योगिक इकाइयों की कार्यक्षमता प्रभावित हो रही है। इस पर यूपीसीडा द्वारा अवगत कराया गया कि एसटीपी निर्माण से जुड़े पाईप लाइनिंग के दौरान सड़के खराब हुई जिनके रेस्टोरेशन हेतु पृथक से प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इस पर जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिए गए कि एसटीपी निर्माण हेतु स्वीकृत धनराशि से ही सड़क रेस्टोरेशन का प्रावधान किया जाना था। जिसके परीक्षण हेतु अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग एवं अधिशासी अभियंता, जल निगम श्री महेश गौतम की संयुक्त टीम गठित करते हुए निर्देशित किया गया कि एसटीपी निर्माण के मूल बजट में सड़क रेस्टोरेशन हेतु स्वीकृत धनराशि तथा जल निगम द्वारा सड़क रेस्टोरेशन पर व्यय की गई धनराशि का विवरण सहित जांच आख्या समिति को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

नादरगंज (अमौसी औद्योगिक क्षेत्र) से सुनहरा रोड होते हुए रिंग रोड तक जाने वाली 5.7 किलोमीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के संबंध में लोक निर्माण विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि उक्त कार्य को कार्ययोजना में सम्मिलित कर लिया गया है। इस पर उद्यमियों द्वारा समिति के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

बैठक में तालकटोरा औद्योगिक आस्थान में अवस्थापना सुविधाओं के उच्चीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान अवगत कराया गया कि औद्योगिक आस्थान में नाली निर्माण का कार्य शेष है। उक्त प्रकरण में गत बैठक में सड़क के किनारे प्रभावित होने वाले उद्यमियों/औद्योगिक इकाइयों की समस्याओं की सुनवाई हेतु गठित समिति द्वारा आज की बैठक में अपनी आख्या प्रस्तुत की गई। जिलाधिकारी द्वारा समिति की आख्या के अनुपालन में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु 15 अक्टूबर के बाद की तिथि निर्धारित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में औद्योगिक संगठनों/निवेशकों/उद्यमियों द्वारा उठाये विभिन्न प्रकरणों पर चर्चा की गयी तथा उनके नियमानुसार त्वरित निस्तारण हेतु जिलाधिकारी द्वारा सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर श्रमायुक्त, उप निदेषक, कारखाना, उपायुक्त उद्योग, जिला आपूर्ति अधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी, अपर नगर आयुक्त, यूपीसीडा, प्रदूषण विभाग, अधिशासी अभियंता विद्युत, लोक निर्माण विभाग, एलडीए, आवास विकास विभाग, नगर निगम, जल निगम विभाग तथा उद्योग से संबंधित अन्य विभागों के प्रतिनिधि एवं विभिन्न औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी एवं उद्यमीगण उपस्थित रहे।

शेयर करें:

ये भी पढ़ें

और देखें →