Meerut News: किसानों के खेतों में गंदा पानी फैलाने और कर्मचारी की बदसलूकी के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने काशी टोल प्लाजा पर आज सुबह 7 बजे से 10 बजे तक जोरदार धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान सैकड़ों किसान और भाकियू कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पहुंचे और टोल प्रशासन के खिलाफ नाराज़गी जताई।
टोल प्लाजा से गंदा पानी खेतों में फैलने पर किसान आक्रोशित
भाकियू जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने बताया कि काशी टोल प्लाजा के शौचालय का गंदा पानी और वेस्टेज सीधे किसानों के खेतों में छोड़ा जा रहा है। इससे लगभग 15 किसानों की जमीन और चकरोंड जाने वाले रास्ते पर गंभीर समस्याएँ उत्पन्न हो रही हैं। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद टोल प्रबंधन ने कोई कार्रवाई नहीं की, जिससे किसानों का धैर्य जवाब दे गया और विरोध प्रदर्शन करना पड़ा।
भाकियू जिला उपाध्यक्ष से भी कर्मचारी की बदसलूकी, गुस्सा भड़का
इसी बीच एक अन्य घटना में भाकियू जिला उपाध्यक्ष सनी प्रधान और उनके परिवार को भी टोल के एक कर्मचारी द्वारा अभद्रता का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद से लौटते समय कर्मचारी ने न केवल सनी प्रधान से बदसलूकी की बल्कि आई कार्ड दिखाने के बावजूद नशे की हालत में उन्हें अपमानित भी किया। किसानों और भाकियू कार्यकर्ताओं के साथ आए दिन ऐसे व्यवहार की शिकायतें भी सामने आई थीं। इस घटना के बाद जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने तत्काल धरने का फैसला लिया।




