सोमवार, 5 अक्टूबर 2026
लोकतंत्र लाइव टीवी लोगो
ब्रेकिंग

मुंबई एयरपोर्ट से 265 इंटरनेशनल उड़ानों पर संकट, नवी मुंबई शिफ्टिंग को लेकर आज अहम बैठक

P
Pawan Kumar

2 मिनट नई दिल्ली,मुंबई

शेयर करें:
मुंबई एयरपोर्ट से 265 इंटरनेशनल उड़ानों पर संकट, नवी मुंबई शिफ्टिंग को लेकर आज अहम बैठक
मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 के प्रस्तावित पुनर्विकास को लेकर एयरलाइंस और एयरपोर्ट ऑपरेटर के बीच विवाद बढ़ता जा रहा है।

नई दिल्ली/मुंबई। मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 के प्रस्तावित पुनर्विकास को लेकर एयरलाइंस और एयरपोर्ट ऑपरेटर के बीच विवाद बढ़ता जा रहा है। इसी मुद्दे पर नागर विमानन मंत्रालय ने 6 अक्टूबर को एयरलाइन कंपनियों और मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (MIAL) के प्रतिनिधियों की बैठक बुलाई है। बैठक में मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शिफ्ट करने के प्रस्ताव पर चर्चा होगी।

25 अक्टूबर से बदल सकता है फ्लाइट शेड्यूल

MIAL ने एयरलाइंस को 25 अक्टूबर से मुंबई एयरपोर्ट की करीब 265 साप्ताहिक अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को अस्थायी रूप से कम करने या कुछ सेवाओं को नवी मुंबई एयरपोर्ट शिफ्ट करने को कहा है। ये उड़ानें करीब 46 एयरलाइंस से जुड़ी हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, मुंबई एयरपोर्ट पर कुल 770 साप्ताहिक अंतरराष्ट्रीय डिपार्चर में से 265 स्लॉट प्रभावित हो सकते हैं।

एयरलाइंस ने इस व्यवस्था को लेकर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि नवी मुंबई में उड़ानों को शिफ्ट करने के फैसले और 33 प्रतिशत अंतरराष्ट्रीय सेवाओं पर असर के आधार को लेकर उन्हें और स्पष्ट जानकारी चाहिए।

 T1 के पुनर्विकास की वजह से पैदा हुआ संकट

मुंबई एयरपोर्ट के करीब 60 साल पुराने टर्मिनल-1B के उत्तरी हिस्से का पुनर्विकास जनवरी 2027 से शुरू होना है। अदाणी एयरपोर्ट्स के मुताबिक, सुरक्षा संबंधी चिंताओं को देखते हुए काम चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। कंपनी का कहना है कि इस दौरान मुंबई एयरपोर्ट के करीब 91 प्रतिशत यात्री ट्रैफिक पर असर नहीं पड़ेगा।

अदाणी एयरपोर्ट्स ने कहा है कि T1 के पुनर्विकास के दौरान नवी मुंबई एयरपोर्ट पर सेवाओं को अस्थायी रूप से शिफ्ट करना एक विकल्प है और इसका उद्देश्य यात्रियों तथा एयरलाइंस को कम से कम परेशानी के साथ संचालन जारी रखना है।

एयरलाइंस और MIAL के बीच मतभेद

एयरलाइंस ने MIAL से टर्मिनल-1 के पुनर्विकास को लेकर 2020 से हुई कथित बातचीत और 33 प्रतिशत अंतरराष्ट्रीय सेवाओं को प्रभावित करने के फैसले का आधार बताने की मांग की है। दूसरी ओर, MIAL का कहना है कि एयरलाइंस के साथ लंबे समय से इस परियोजना को लेकर चर्चा चल रही है।

अब सभी की नजर 6 अक्टूबर की बैठक पर है। माना जा रहा है कि मंत्रालय की बैठक में एयरलाइंस की चिंताओं, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के स्लॉट और नवी मुंबई एयरपोर्ट पर सेवाओं के संभावित स्थानांतरण को लेकर आगे की व्यवस्था पर चर्चा हो सकती है।

शेयर करें:

ये भी पढ़ें

और देखें →