सुल्तानपुर के चांदा कस्बे में एक निजी क्लिनिक में प्रसव के दौरान नवजात की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। न्यू आयुषी पॉली क्लिनिक में शुक्रवार को सिजेरियन ऑपरेशन से मृत बच्चे का जन्म हुआ। गुस्साए परिजनों ने डॉक्टर की पिटाई कर दी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्लिनिक को सील कर दिया।
प्रतापगढ़ के सोवांसा निवासी ब्रिजेश निषाद की पत्नी अंजलि निषाद (27) को प्रसव के लिए क्लिनिक में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि दोपहर करीब 12 बजे प्रसव पीड़ा शुरू होने पर डॉक्टर मौजूद नहीं थे और करीब तीन बजे पहुंचे। उनका आरोप है कि इलाज में लापरवाही से बच्चे की जान गई। हंगामे के बीच अंजलि की हालत भी बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज भेजा गया।

पहले सील हुआ, फिर नए नाम से खुला
जांच में चौंकाने वाली बात सामने आई कि यही क्लिनिक 30 अक्टूबर 2025 को सील किया जा चुका था। इसके बाद डॉ. डीके यादव और डॉ. रंजना यादव ने इसे 'न्यू आयुषी' नाम से दोबारा चालू कर दिया। सीएमओ डॉ. भारत भूषण के आदेश पर एसीएमओ के नेतृत्व में पहुंची टीम ने क्लिनिक फिर से सील कर दिया।



