सुल्तानपुर में रविवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा हो गया। शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर लेकर पंचकूला से देवरिया जा रही एंबुलेंस हलियापुर थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में शहीद के बेटे समेत चार लोगों की मौत हो गई।
कब और कहां हुआ हादसा
हादसा 4 अक्टूबर की सुबह करीब 8:15 बजे अयोध्या-सुल्तानपुर सीमा के पास एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 79.6 के पास हुआ। एंबुलेंस अचानक अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस में सवार चार लोगों की मौके पर ही जान चली गई।
हादसे में इनकी गई जान
- गौरव सिंह — शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान के बेटे
- राजन चौधरी — शहीद के भाई
- राम समुझ सिंह — शहीद के भतीजे
- जसपाल — एंबुलेंस चालक
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
परिवार के लोग 3 अक्टूबर की देर रात पार्थिव शरीर के साथ एंबुलेंस से देवरिया के लिए निकले थे। अंतिम संस्कार से पहले ही घर के चार सदस्यों की मौत की खबर से परिवार और गांव में कोहराम मच गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



