सुल्तानपुर में सोमवार शाम करीब 40 मिनट की तेज बारिश, ओलावृष्टि और आंधी से धनपतगंज, कूरेभार, जयसिंहपुर समेत कई इलाकों में धान और गन्ने की फसल बिछ गई। हाईटेंशन लाइन में फॉल्ट से कूरेभार और धनपतगंज उपकेंद्र ठप हो गए।
सुल्तानपुर जिले में सोमवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली। करीब 40 मिनट तक तेज बारिश के साथ ओले गिरे और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। इससे धनपतगंज, मोतिगरपुर, जयसिंहपुर, कौंडीकला, कूरेभार और सूरापुर क्षेत्र में कटाई के करीब पहुंची धान की फसल खेतों में बिछ गई। गन्ने की फसल भी गिर गई।
सब्जी उगाने वाले किसानों को भी नुकसान
धनपतगंज क्षेत्र में लौकी, कद्दू और मिर्च जैसी सब्जियों की फसल खराब हो गई। टमाटर की नर्सरी के पौधे उखड़ गए। किसानों का कहना है कि धान गिरने से दाने की गुणवत्ता और पैदावार दोनों पर असर पड़ेगा। किसानों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने की मांग की है।
पेड़ गिरे, हाईवे पर रुका यातायात
तेज हवा से कई जगह पेड़ सड़क पर गिर गए। लखनऊ-बलिया हाईवे पर शाहपुर लपटा के पास करीब 40 मिनट तक आवागमन बाधित रहा। पुलिस और वन विभाग की टीम ने जेसीबी की मदद से पेड़ हटवाकर रास्ता खुलवाया।
कूरेभार-धनपतगंज उपकेंद्र ठप
आंधी-बारिश से पयागीपुर से कूरेभार जाने वाली हाईटेंशन लाइन में लोलेपुर के पास फॉल्ट आ गया। इससे कूरेभार और धनपतगंज उपकेंद्र ठप हो गए और ऐनपुर, पुरखेपुर, दखिनवारा, पटना, इरुल समेत 100 से ज्यादा गांवों की बिजली गुल हो गई। करीब पांच हजार उपभोक्ता प्रभावित हुए। अवर अभियंता रविंद्र तिवारी के मुताबिक लाइनमैनों ने फॉल्ट ठीक कर जांच के बाद आपूर्ति बहाल की।
अगले 24 घंटे भी सतर्क रहें
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। सोमवार को अधिकतम तापमान 34.2 और न्यूनतम 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। किसानों को सलाह है कि कटी फसल को सुरक्षित स्थान पर रखें और खराब मौसम में पेड़ों व बिजली के खंभों से दूर रहें।
ऐसी ही और खबरों के लिए पढ़ें: सुल्तानपुर की ताजा खबरें