जयपुर के हरमाड़ा थाना पुलिस ने डंपर चोरी के मामले में करीब पांच साल से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी वारिस मेव को गिरफ्तार किया है। आरोपी नूंह मेवात का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ चोरी की कई वारदातों में संलिप्तता सामने आई है। पुलिस उपायुक्त पश्चिम प्रशांत किरण आईपीएस के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम राजेश गुप्ता और सहायक पुलिस आयुक्त चौमूं कृष्णराज जांगिड़ के सुपरविजन में हरमाड़ा थानाधिकारी नरेंद्र भड़ाना के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।
पुलिस के मुताबिक, 9 जून 2021 को परिवादी शिवेंद्र सिंह ने हरमाड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि माचड़ा क्षेत्र स्थित एक प्लॉट से TATA 3118 डंपर, जिसका नंबर RJ 05 GB 3200 था, चोरी हो गया है। मामले में FIR संख्या 289/2021 के तहत धारा 379 IPC में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की थी। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में संदिग्ध लोगों से पूछताछ की और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी।
पुलिस के अनुसार, टीम ने वारिस मेव को दौलतपुरा टोल टैक्स के पास से दस्तयाब किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने वर्ष 2021 में माचड़ा की रोड नंबर-4 सी स्कीम में हुई डंपर चोरी की वारदात सहित अन्य चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस का दावा है कि आरोपी रात के समय अपने साथियों के साथ भारी वाहनों की रेकी करता था और मौका मिलते ही वाहनों को चोरी कर लेता था। चोरी किए गए वाहनों को मेवात ले जाकर अलग-अलग स्थानों पर बेचने की बात भी पूछताछ में सामने आई है। पुलिस अब आरोपी से उसके अन्य साथियों और चोरी की अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।









