अमेरिका को ईरान की दो टूक: दोबारा हमला किया तो पहले से ज्यादा खतरनाक होगा जवाब, मोजतबा खामेनेई ने दी चेतावनी
नई दिल्ली: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने अमेरिका को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर अमेरिका ने दोबारा ईरान पर हमला किया तो इस बार उसका जवाब पहले से कहीं ज्यादा बड़े स्तर पर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोबारा आक्रामकता हुई तो युद्ध का दायरा और व्यापक हो सकता है।
4 नवंबर 2026 को दिए गए अपने संदेश में खामेनेई ने अमेरिका की नीतियों पर निशाना साधा और कहा कि वाशिंगटन में सत्ता बदलने या राजनीतिक दलों के समीकरण बदलने से ईरान के प्रति अमेरिकी रवैया नहीं बदलने वाला है।
होर्मुज स्ट्रेट और अमेरिकी सैन्य ठिकानों का किया जिक्र
मोजतबा खामेनेई ने अपने बयान में होर्मुज जलडमरूमध्य का जिक्र करते हुए कहा कि ईरान ने क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया और इस रणनीतिक समुद्री रास्ते के प्रबंधन के जरिए अमेरिका के प्रभुत्व को चुनौती दी है।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर अमेरिका ने फिर से सैन्य कार्रवाई की तो ईरान की प्रतिक्रिया का दायरा पहले से कहीं ज्यादा बड़ा होगा।
अमेरिका की राजनीति पर भी साधा निशाना
खामेनेई ने अमेरिका के मिडटर्म चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी को हुए नुकसान का जिक्र करते हुए कहा कि अमेरिका में राजनीतिक दलों के बदलने से ईरान के प्रति उसकी दुश्मनी खत्म नहीं होगी। उन्होंने उन लोगों को गलत बताया, जिन्हें लगता है कि अमेरिका को रियायत देने से उसका रवैया बदल सकता है।
बातचीत की कोशिशों के बीच बढ़ा तनाव
एक तरफ अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बना हुआ है, वहीं दूसरी तरफ कतर, रूस और चीन जैसे देश दोनों के बीच बातचीत आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के अधिकारियों ने अमेरिकी प्रस्तावों पर असंतोष भी जताया है।
ऐसे में खामेनेई की ताजा चेतावनी ने पश्चिम एशिया में तनाव कम करने की कूटनीतिक कोशिशों को और चुनौतीपूर्ण बना दिया है।