लखनऊ जनपद न्यायालय में 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती गरिमा के साथ मनाई गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष *मलखान सिंह* ने की। इस दौरान न्यायिक अधिकारियों ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम के दौरान POCSO अधिनियम, 2012 के प्रति बच्चों और आम लोगों को जागरूक करने के लिए न्यायालय परिसर से प्रभात फेरी निकाली गई। जनपद न्यायाधीश ने हरी झंडी दिखाकर प्रभात फेरी को रवाना किया। इसमें नेशनल इंटर कॉलेज, सेंटीनियल इंटर कॉलेज, लखनऊ क्रिश्चियन इंटर कॉलेज और नारी शिक्षा निकेतन के शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के विचारों तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन और देश के प्रति योगदान को याद किया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जिले के विभिन्न स्कूलों में POCSO कानून को लेकर विशेष विधिक साक्षरता अभियान भी चलाया गया। प्रभात फेरी में एलएडीसी के अधिवक्ताओं, पैनल अधिवक्ताओं, पराविधिक स्वयंसेवकों और न्यायालय व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारियों ने भी हिस्सा लिया।