लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट परिसर में मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे मजदूरों की कॉलोनी में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि धुआं करीब दो किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। गनीमत रही कि इमारत में रह रहे सभी 352 मजदूरों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
खाना बनाते समय भड़की आग
शुरुआती जानकारी के मुताबिक एक मजदूर गैस सिलिंडर पर खाना बना रहा था, तभी अचानक आग लग गई और तेजी से फैल गई। कॉलोनी तीन मंजिला पीवीसी पैनल से बनी थी, जिससे आग ने जल्दी ही बड़ा रूप ले लिया। ग्राउंड और पहली मंजिल पूरी तरह जल गई, जबकि ऊपर की मंजिल को भी नुकसान पहुंचा।
दो मजदूर झुलसे
अपना सामान निकालने की कोशिश में निर्मल और राहुल नाम के दो मजदूर झुलस गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। दमकल की नौ गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मौके पर एयरपोर्ट सुरक्षा और सरोजनीनगर पुलिस भी मौजूद रही।




