तेलंगाना के कामारेड्डी जिले के गांधारी में बदमाशों ने अनोखे तरीके से SBI के ATM में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। 11 अक्टूबर की रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच आरोपी नाइटी और मास्क पहनकर एंबुलेंस में पहुंचे और कटर की मदद से ATM मशीन को काटकर नकदी लेकर फरार हो गए।
तेलंगाना: तेलंगाना के कामारेड्डी जिले से एटीएम लूट की एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां बदमाश चेहरे पर मास्क और नाइटी पहनकर एंबुलेंस से पहुंचे और भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के एटीएम को कटर मशीन से काटकर नकदी चुरा ले गए। वारदात रविवार देर रात करीब 1:30 बजे हुई। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
एंबुलेंस से पहुंचे बदमाश, कटर से काटा ATM
मामला कामारेड्डी जिले के गंधारी मंडल मुख्यालय का है। जानकारी के मुताबिक, बदमाशों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए मास्क और नाइटी पहन रखी थी। वे एंबुलेंस से एटीएम पहुंचे और कटर मशीन की मदद से मशीन को काटकर नकदी निकालने लगे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सुबह क्षतिग्रस्त मिला ATM
घटना कामारेड्डी-बांसवाड़ा मुख्य मार्ग पर स्थित एटीएम में हुई। सुबह स्थानीय लोगों ने मशीन को क्षतिग्रस्त देखा तो पुलिस को सूचना दी। इसके बाद गंधारी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश
फिलहाल एटीएम से चोरी हुई नकदी की कुल रकम स्पष्ट नहीं है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही, एटीएम में घटना से पहले मौजूद नकदी और शेष रकम का मिलान किया जा रहा है, ताकि चोरी की वास्तविक राशि का पता लगाया जा सके।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
एंबुलेंस से पहुंचने और नाइटी-मास्क पहनकर एटीएम काटने की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। फुटेज में बदमाशों को कटर मशीन का इस्तेमाल करते हुए देखा गया है। हालांकि, आरोपियों की पहचान और चोरी की रकम को लेकर पुलिस की जांच जारी है।