महाराष्ट्र के मालेगांव से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बैल ने प्रसाद के साथ करीब तीन तोले का सोने का मंगलसूत्र निगल लिया। त्योहार के मौके पर किसान ने अपने बैलों की पूजा कर उन्हें नैवेद्य चढ़ाया था। इसी दौरान थाली में रखा मंगलसूत्र भी एक बैल ने निगल लिया। किसान के सामने सबसे बड़ी परेशानी यह थी कि उसके पास दो बैल थे और यह पता नहीं चल पा रहा था कि आखिर मंगलसूत्र किसने निगला है।
जानकारी के मुताबिक, मालेगांव वनपत के किसान शिवाजी बोरसे ने त्योहार के दिन अपने दोनों बैलों की पूजा की थी। प्रसाद खिलाते समय थाली में रखा करीब तीन तोले का सोने का मंगलसूत्र भी बैल के मुंह में चला गया। घटना के बाद किसान दोनों बैलों को लेकर चालीसगांव के वेटरिनरी जनरल अस्पताल पहुंचा। डॉक्टरों ने आधुनिक एक्स-रे जांच की मदद से दोनों बैलों के पाचन तंत्र की जांच की और पता लगाया कि मंगलसूत्र किस बैल के पेट में पहुंचा है।
एक्स-रे से हुई सही जगह की पहचान
जांच के बाद डॉक्टरों को बैल के पाचन तंत्र में सोने के मंगलसूत्र की सही स्थिति का पता चल गया। इसके बाद पशु चिकित्सकों ने सावधानीपूर्वक सर्जरी कर पेट से मंगलसूत्र निकाल लिया। डॉक्टरों की सटीक जांच और सर्जरी के चलते करीब तीन तोले का पूरा सोने का मंगलसूत्र सुरक्षित निकाल लिया गया।









