सुल्तानपुर के अखण्डनगर क्षेत्र में त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आ रहा है। मंगलवार को सीओ कादीपुर विनय गौतम और दोस्तपुर थाना प्रभारी नारदमुनि सिंह ने पुलिस टीम के साथ दोस्तपुर बाजार समेत विभिन्न भीड़भाड़ वाले इलाकों में रूट मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

धनतेरस, दीपावली और भैयादूज के त्योहारों को देखते हुए सुल्तानपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। बाजारों में बढ़ती भीड़ और त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से पुलिस लगातार गश्त और चेकिंग अभियान चला रही है।
इसी क्रम में मंगलवार को सीओ कादीपुर विनय गौतम ने दोस्तपुर थाना प्रभारी निरीक्षक नारदमुनि सिंह और पुलिस बल के साथ दोस्तपुर बाजार सहित प्रमुख बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में रूट मार्च किया।

बाजारों में पैदल मार्च, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर
रूट मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बाजारों और सार्वजनिक स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस टीम ने बाइक सवारों को रोककर आवश्यक पूछताछ की और संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों की जांच-पड़ताल की।
इस दौरान व्यापारियों और आम नागरिकों से बातचीत कर त्योहारों को आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांतिपूर्ण माहौल में मनाने की अपील भी की गई।

थाना प्रभारी को सख्त चेकिंग के निर्देश
सीओ विनय गौतम ने थाना प्रभारी नारदमुनि सिंह को शासन के निर्देशों के अनुरूप संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखने तथा नियमित चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए।
साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस जांच के नाम पर आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मी संयम और जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करें।

त्योहारों पर सुरक्षा व्यवस्था रहेगी चाक-चौबंद
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि धनतेरस, दीपावली और भैयादूज के दौरान बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की गश्त और निगरानी जारी रहेगी।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि क्षेत्र के लोग बिना किसी डर और परेशानी के त्योहार मना सकें। इसके लिए पुलिस टीम को लगातार सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।