पूरी खबरें
लखनऊ • लखनऊ • पृष्ठ 1
लखनऊ में आयुष जायसवाल की पुस्तक ‘इंटरनल गुरु’ की लॉन्चिंग, कथक कलाकार अक्षय कुमार श्रीमाली रहे विशिष्ट अतिथि
लेखक एवं शास्त्रीय कलाकार आयुष जायसवाल की पुस्तक ‘इंटरनल गुरु: द साइंस ऑफ सेल्फ-ट्रेनिंग’ के उपलक्ष्य में लखनऊ में साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ, कथक कलाकार अक्षय कुमार श्रीमाली ने युवा कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।
लखनऊ। लेखक एवं शास्त्रीय कलाकार आयुष जायसवाल की चर्चित पुस्तक ‘इंटरनल गुरु: द साइंस ऑफ सेल्फ-ट्रेनिंग’ के उपलक्ष्य में लखनऊ में एक विशेष साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में शास्त्रीय नृत्य और प्रदर्शनकारी कलाओं से जुड़े कलाकारों, विद्यार्थियों, वरिष्ठ मार्गदर्शकों एवं कला प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उत्तर प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार लगातार कथक नृत्य जैसे कार्यक्रमों को तेजी से प्रमोट कर रही हैं। उसी क्रम में आयुष जायसवाल नेशनल और इंटरनेशनल कार्यक्रमों का आयोजन कर रहे हैं। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध कथक कलाकार अक्षय कुमार श्रीमाली की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने बतौर विशिष्ट अतिथि कार्यक्रम में शिरकत की और युवा कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। रियाज़ और विज्ञान का मेल आयुष जायसवाल की यह पुस्तक शास्त्रीय नृत्य एवं प्रदर्शनकारी कलाओं के विद्यार्थियों के लिए आत्म-प्रशिक्षण की एक वैज्ञानिक मार्गदर्शिका के रूप में प्रस्तुत की गई है। इसमें पारंपरिक रियाज को आधुनिक शारीरिक प्रशिक्षण, शारीरिक कार्यप्रणाली (बॉडी मैकेनिक्स) और गति नियंत्रण के वैज्ञानिक सिद्धांतों से जोड़ने का प्रयास किया गया है। पुस्तक का उद्देश्य कलाकारों को गुरु की अनुपस्थिति में भी अपनी कला और तकनीक का स्वयं मूल्यांकन करने में सक्षम बनाना है, ताकि वे शारीरिक थकान या चोट के जोखिम को कम करते हुए बेहतर प्रदर्शन कर सकें। कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ कलाकारों, कला प्रेमियों और युवा साधकों ने आयुष जायसवाल के इस शोधपरक प्रयास की सराहना की। वक्ताओं ने इसे शास्त्रीय कला प्रशिक्षण एवं शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। उनका मानना था कि यह पुस्तक युवा कलाकारों को आत्मनिर्भर, अनुशासित और बेहतर साधक बनने में मददगार साबित होगी। — लखनऊ से संवाददाता राजकिशोर बारी की ग्राउंड रिपोर्ट
लखनऊ • राजनीति • पृष्ठ 1
बहुजन क्रांति पार्टी ने किया चौथे मोर्चे का ऐलान, आगामी विधानसभा चुनाव में निभाएगा अहम भूमिका
बहुजन क्रांति पार्टी (मार्क्सवाद-अंबेडकरवाद) ने लखनऊ में चौथे मोर्चे के गठन की घोषणा की। प्रदेश अध्यक्ष केशव चन्द्र पाण्डेय को पार्टी का मुख्यमंत्री चेहरा घोषित किया गया, 30 से अधिक दलों से बातचीत जारी।
बहुजन क्रांति पार्टी (मार्क्सवाद-अंबेडकरवाद) लखनऊ। बहुजन क्रांति पार्टी (मार्क्सवाद-अंबेडकरवाद) ने रविवार को लखनऊ में प्रदेश की राजनीति में नए चौथे मोर्चे के गठन की घोषणा की। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं उत्तर प्रदेश अध्यक्ष केशव चन्द्र पाण्डेय ने चौथे मोर्चे का ऐलान करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में यह मोर्चा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और प्रदेश की राजनीति में नए समीकरण स्थापित करेगा। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने बताया कि पिछले 14 वर्षों से सक्रिय बहुजन क्रांति पार्टी द्वारा प्रस्तावित इस चौथे मोर्चे में प्रदेश के प्रभावशाली राजनीतिक दलों के साथ पंजीकृत एवं गैर मान्यता प्राप्त दलों को भी शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 30 से अधिक राजनीतिक दलों के साथ बातचीत चल रही है। समान विचारधारा वाले अन्य दलों को भी मोर्चे में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। 86 आरक्षित सीटों पर काम का दावा कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रंजीत सिंह का पदाधिकारियों द्वारा स्वागत किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि बहुजन क्रांति पार्टी दलित, शोषित और सर्वहारा वर्ग के हितों के लिए समर्पित है। पार्टी समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए अपनी नीतियों एवं कार्यक्रमों के माध्यम से कार्य कर रही है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी उत्तर प्रदेश विधानसभा की 86 आरक्षित सीटों पर लगातार काम कर रही है, जिसके परिणाम चौंकाने वाले होंगे। साथ ही उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष केशव चन्द्र पाण्डेय को पार्टी का मुख्यमंत्री चेहरा (CM Face) घोषित किए जाने की जानकारी दी। "मध्यावधि चुनाव के लिए तैयार रहे देश" प्रदेश अध्यक्ष केशव चन्द्र पाण्डेय ने कहा कि पार्टी राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर सर्वसमाज के उत्थान और जनता की बुनियादी समस्याओं को लेकर काम कर रही है। आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी अपनी ताकत दिखाएगी और प्रदेश में राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित करेगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। सत्ता के दुरुपयोग से अब काम नहीं चलने वाला है। उन्होंने केंद्र सरकार के कार्यकाल को लेकर भी राजनीतिक टिप्पणी करते हुए कहा कि देश को मध्यावधि चुनाव के लिए तैयार रहना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय अध्यक्ष रंजीत सिंह ने श्रीकांत मधुकर को पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किए जाने की घोषणा की। — लखनऊ से संवाददाता राजकिशोर बारी की रिपोर्ट
बहराइच • उत्तर प्रदेश • पृष्ठ 1
बहराइच में खूनी हमला! घर में घुसकर चार महिलाओं पर धारदार हथियार से वार, इलाके में हड़कंप
दरगाह थाना क्षेत्र के बरादरी मोहल्ले में युवक पर घर में घुसकर चार महिलाओं पर धारदार हथियार से हमले का आरोप। सभी घायल मेडिकल कॉलेज बहराइच में भर्ती, पुरानी रंजिश बताई जा रही वजह।
बहराइच। जनपद बहराइच में दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दरगाह थाना क्षेत्र के बरादरी मोहल्ले में एक युवक पर घर में घुसकर चार महिलाओं पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने का आरोप लगा है। अचानक हुए हमले से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। चारों महिलाएं गंभीर घायल, मेडिकल कॉलेज में भर्ती हमले में चारों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज बहराइच में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने क्या बताया मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी के अनुसार, एक व्यक्ति ने घर में जाकर एक महिला पर चाकू से वार किया। घर में उस समय महिला के साथ उसकी मां, नानी और छोटी बहन भी मौजूद थीं। सभी घायल महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका प्राथमिक इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक आरोपी उसी मोहल्ले का बताया जा रहा है और पीड़ित परिवार को जानता है। अधिकारी ने यह भी बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से एक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली है, जिसकी पड़ताल की जा रही है। पुरानी रंजिश बताई जा रही वजह प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वारदात के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है। पीड़ित परिवार ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मुख्य बातें घटनास्थल: बरादरी मोहल्ला, दरगाह शरीफ, थाना दरगाह, जनपद बहराइच घर में घुसकर चार महिलाओं पर धारदार हथियार से हमले का आरोप सभी घायल मेडिकल कॉलेज बहराइच में भर्ती, इलाज जारी पुरानी रंजिश को वजह बताया जा रहा है; पुलिस जांच में जुटी फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना की वास्तविक वजह और आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। रिपोर्ट: अब्दुल मजीद खान, बहराइच
लखनऊ • भारत • पृष्ठ 1
बंगाल की खाड़ी में चक्रवात का खतरा! 16 नवंबर तक तूफान में बदल सकता है सिस्टम 80 KM/H की रफ्तार
बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान 'अकवान' का खतरा बढ़ रहा है। IMD के अनुसार, 16 नवंबर तक यह तूफान बन सकता है। 80 KM/H की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। अंडमान-निकोबार में अलर्ट जारी किया गया है और मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
IMD Cyclone Alert: बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र तेजी से मजबूत हो रहा है। अगले 24 घंटे में डिप्रेशन और 16 नवंबर की शाम तक चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। संभावित तूफान का नाम 'अकवान' होगा। अंडमान-निकोबार समेत समुद्री इलाकों में तेज हवाओं और भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। नई दिल्ली । बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर चक्रवाती तूफान का खतरा मंडराने लगा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार, 14 नवंबर को मौसम प्रणाली को लेकर नया अपडेट जारी किया है। दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अब और अधिक स्पष्ट होकर Well Marked Low Pressure Area में बदल गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, यह सिस्टम अगले 24 घंटों के भीतर डिप्रेशन का रूप ले सकता है। इसके बाद मौसम प्रणाली के उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और 16 नवंबर की शाम तक दक्षिण-मध्य तथा उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है। यदि यह सिस्टम चक्रवाती तूफान बनता है तो इसका नाम 'अकवान' (Akvan) रखा जाएगा। यह नाम ईरान की ओर से दिया गया है। 24 घंटे में डिप्रेशन बनने की संभावना IMD के शनिवार के बुलेटिन के अनुसार, 14 नवंबर की सुबह 5:30 बजे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र और अधिक मजबूत हो चुका था। इसके अगले 24 घंटों में डिप्रेशन में बदलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, सिस्टम लगातार उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ेगा। इसके बाद 16 नवंबर की शाम तक इसके चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। हालांकि, तूफान की वास्तविक तीव्रता और आगे की दिशा को लेकर मौसम विभाग की अगली अपडेट महत्वपूर्ण होगी। 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है हवा की रफ्तार इस मौसमी सिस्टम के प्रभाव से अंडमान सागर, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तथा बंगाल की खाड़ी के कई समुद्री हिस्सों में मौसम खराब रहने की आशंका है। IMD के मुताबिक, इन इलाकों में तेज और झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। हवाओं की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। वहीं, 17 नवंबर से हवा की गति बढ़कर 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। अगले दो दिनों तक तेज हवाओं का प्रभाव बने रहने का अनुमान है। समुद्री इलाकों में बारिश और गरज-चमक के साथ खराब मौसम की स्थिति भी बन सकती है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। मछुआरों के लिए IMD की चेतावनी समुद्र में खराब मौसम और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों के लिए विशेष सलाह जारी की है। समुद्र में मौजूद मछुआरों को 15 नवंबर तक वापस तट पर लौटने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही मछुआरों को मौसम सामान्य होने और आगे की आधिकारिक अनुमति मिलने तक समुद्र में नहीं जाने की चेतावनी दी गई है। समुद्र में ऊंची लहरों और तेज हवाओं के कारण परेशानी बढ़ सकती है। क्या होगा चक्रवात का नाम? अगर बंगाल की खाड़ी के ऊपर विकसित हो रहा यह सिस्टम चक्रवाती तूफान बनता है, तो इसे 'अकवान' नाम दिया जाएगा। चक्रवातों के नामकरण की निर्धारित क्षेत्रीय सूची के अनुसार यह नाम ईरान ने दिया है। फिलहाल मौसम विभाग इस सिस्टम की स्थिति, दिशा और तीव्रता पर लगातार नजर बनाए हुए है। आने वाले दिनों में इसके संभावित प्रभाव को लेकर नए पूर्वानुमान जारी किए जा सकते हैं। 16 नवंबर पर मौसम विभाग की नजर बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रही यह मौसमी प्रणाली अगले कुछ दिनों में और मजबूत हो सकती है। 15 नवंबर तक इसके डिप्रेशन में बदलने और 16 नवंबर की शाम तक चक्रवाती तूफान बनने का अनुमान है। ऐसे में अंडमान-निकोबार और बंगाल की खाड़ी के समुद्री इलाकों में रहने वाले लोगों और मछुआरों को मौसम विभाग की आधिकारिक चेतावनियों पर ध्यान देने की सलाह दी गई है। सिस्टम की आगे की चाल और संभावित प्रभाव को लेकर IMD के अगले अपडेट पर सभी की नजर रहेगी।
लखनऊ • देश विदेश • पृष्ठ 1
चीन ने रचा इतिहास इलेक्ट्रिक विमान CE-25A की पहली पायलट उड़ान सफल 300 KM प्रति घंटे की रफ्तार से भरेगा उड़ान
इलेक्ट्रिक विमानन को भविष्य के परिवहन का महत्वपूर्ण विकल्प माना जा रहा है। इससे हवाई यात्रा में पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता और उड़ान के दौरान होने वाले कार्बन उत्सर्जन को कम करने की संभावनाएं हैं। हालांकि, बैटरी का वजन, उसकी क्षमता, सुरक्षा और लंबी दूरी तक उड़ान भरना अभी भी बड़ी तकनीकी चुनौतियां हैं।
बीजिंग । दुनिया में इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। अब तक आपने सड़कों पर बैटरी से चलने वाली इलेक्ट्रिक कारें, बसें और दोपहिया वाहन देखे होंगे, लेकिन आने वाले समय में आसमान में भी इलेक्ट्रिक क्रांति देखने को मिल सकती है। इसी दिशा में चीन ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने का दावा किया है। चीन के पूरी तरह इलेक्ट्रिक विमान CE-25A ने अपनी पहली पायलट वाली उड़ान सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। इस सफलता को विमानन क्षेत्र में नई तकनीक और भविष्य की हवाई यात्रा की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। चीन का यह इलेक्ट्रिक विमान पारंपरिक विमानों की तरह पेट्रोल या एविएशन फ्यूल पर निर्भर नहीं होगा, बल्कि बैटरी से मिलने वाली बिजली के जरिए उड़ान भरेगा। इस तकनीक का उद्देश्य हवाई परिवहन में पारंपरिक ईंधन की निर्भरता कम करना और भविष्य में पर्यावरण के अनुकूल विमानन व्यवस्था को बढ़ावा देना है। CE-25A की पहली सफल पायलट उड़ान के बाद इलेक्ट्रिक विमान बनाने की वैश्विक प्रतिस्पर्धा भी चर्चा में आ गई है। 14 नवंबर को पूरी हुई पहली पायलट उड़ान जानकारी के मुताबिक, चीन के CE-25A इलेक्ट्रिक विमान ने 14 नवंबर को अपनी पहली पायलट वाली उड़ान पूरी की। इस परीक्षण उड़ान में विमान के अंदर दो पायलट और एक फ्लाइट टेस्ट इंजीनियर मौजूद थे। उड़ान के दौरान विमान के प्रदर्शन, तकनीकी प्रणालियों और उड़ान से जुड़े विभिन्न पहलुओं का परीक्षण किया गया। बताया गया है कि इस परीक्षण की कुल अवधि 57 मिनट 46 सेकंड रही, जबकि विमान ने वास्तविक रूप से 16 मिनट 38 सेकंड तक हवा में उड़ान भरी। इस दौरान विमान ने करीब 60.4 किलोमीटर की दूरी तय की। पहली पायलट उड़ान का सफलतापूर्वक पूरा होना इस परियोजना के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। फोटो विवरण 300 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार, एक चार्ज में 400 किलोमीटर की क्षमता CE-25A इलेक्ट्रिक विमान की सबसे खास बात इसकी रफ्तार और एक बार चार्ज होने पर तय की जा सकने वाली दूरी है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, यह विमान अधिकतम 300 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ान भरने में सक्षम है। वहीं, इसकी एक बार चार्ज होने पर लगभग 400 किलोमीटर तक की दूरी तय करने की क्षमता बताई गई है। अगर भविष्य में इस तरह के विमानों को व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए विकसित किया जाता है, तो कम दूरी की हवाई यात्राओं में इनकी भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है। हालांकि, विमान की बताई गई अधिकतम क्षमता और वास्तविक परिचालन प्रदर्शन में अंतर हो सकता है। इसके लिए आगे और परीक्षणों तथा तकनीकी मूल्यांकन की आवश्यकता होगी। इलेक्ट्रिक विमान से बदल सकती है हवाई यात्रा की तस्वीर दुनियाभर में परिवहन क्षेत्र को अधिक स्वच्छ और ऊर्जा-कुशल बनाने पर जोर दिया जा रहा है। इलेक्ट्रिक कारों के बाद अब विमानन उद्योग भी बैटरी आधारित तकनीक की संभावनाओं पर काम कर रहा है। पारंपरिक विमानों में ईंधन की खपत और उससे होने वाले कार्बन उत्सर्जन को कम करना विमानन क्षेत्र की बड़ी चुनौतियों में शामिल है। ऐसे में इलेक्ट्रिक विमान भविष्य में इस दिशा में एक विकल्प बन सकते हैं। बैटरी से संचालित विमान उड़ान के दौरान पारंपरिक ईंधन नहीं जलाते, जिससे उनकी परिचालन व्यवस्था में उत्सर्जन कम करने की संभावना रहती है। हालांकि, उनकी पर्यावरणीय उपयोगिता बिजली उत्पादन के स्रोत और बैटरी निर्माण जैसी प्रक्रियाओं पर भी निर्भर करेगी। चीन के साथ अमेरिका और जर्मनी भी दौड़ में इलेक्ट्रिक विमान विकसित करने की कोशिश केवल चीन तक सीमित नहीं है। अमेरिका, जर्मनी और कई अन्य देश भी इस क्षेत्र में नई तकनीकों पर काम कर रहे हैं। विमानन कंपनियां और शोधकर्ता ऐसी बैटरी तथा इलेक्ट्रिक प्रणालियां विकसित करने की कोशिश में जुटे हैं, जो विमान को सुरक्षित तरीके से अधिक दूरी तक उड़ाने में सक्षम बना सकें। इस क्षेत्र में सबसे बड़ी चुनौती बैटरी की क्षमता और वजन है। विमान को उड़ाने के लिए काफी ऊर्जा की जरूरत होती है, जबकि मौजूदा बैटरियों का वजन भी एक महत्वपूर्ण तकनीकी चुनौती बना हुआ है। इसके अलावा सुरक्षा, चार्जिंग व्यवस्था, उड़ान की दूरी और मौसम के अलग-अलग हालात में प्रदर्शन जैसे पहलुओं पर भी काम करना जरूरी है। क्या भविष्य में बिना तेल के उड़ेंगे यात्री विमान? CE-25A की सफल पहली पायलट उड़ान ने इलेक्ट्रिक विमानन की संभावनाओं को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। हालांकि, अभी इस तकनीक को बड़े यात्री विमानों में इस्तेमाल करने से पहले लंबा रास्ता तय करना होगा। इसके लिए कई चरणों में परीक्षण, सुरक्षा प्रमाणन और व्यावसायिक उपयोग की तैयारी जरूरी होगी। फिलहाल चीन के CE-25A की पहली उड़ान को इलेक्ट्रिक विमानन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यदि आने वाले समय में बैटरी तकनीक में सुधार होता है और विमानों की उड़ान क्षमता बढ़ती है, तो भविष्य में छोटी दूरी की हवाई यात्रा का स्वरूप बदल सकता है। ऐसे में वह दिन दूर नहीं हो सकता, जब आसमान में पारंपरिक ईंधन से चलने वाले विमानों के साथ इलेक्ट्रिक विमान भी उड़ान भरते नजर आएं।
लखनऊ • उत्तर प्रदेश • पृष्ठ 1
योगी सरकार का बड़ा फैसला: 1057 पुलिसकर्मियों के 84.56 करोड़ रुपये के बांड की वसूली माफ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उपनिरीक्षक पद पर चयनित 1057 पुलिसकर्मियों से बांड राशि की वसूली माफ करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। कुल 84.56 करोड़ रुपये की वसूली अब नहीं होगी।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने पुलिस विभाग के 1057 कर्मचारियों को बड़ी आर्थिक राहत दी है। मुख्यमंत्री ने उपनिरीक्षक पद पर चयनित पुलिसकर्मियों से बांड राशि की वसूली माफ करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इससे कुल 84 करोड़ 56 लाख रुपये की प्रस्तावित वसूली समाप्त हो जाएगी। किसे मिलेगा फायदा इस फैसले से वे कांस्टेबल और कंप्यूटर ऑपरेटर लाभान्वित होंगे, जिन्होंने उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा में सफलता हासिल की थी। नियमों के अनुसार पद से जुड़े प्रशिक्षण और सेवा शर्तों के तहत प्रति कर्मचारी करीब 8 लाख रुपये की वसूली प्रस्तावित थी, जिससे पुलिसकर्मियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया था। डीजीपी मुख्यालय ने भेजा था प्रस्ताव प्रभावित पुलिसकर्मियों ने अपनी समस्या विभाग के अधिकारियों और शासन के सामने रखी थी। इसके बाद डीजीपी मुख्यालय की ओर से बांड राशि की वसूली से छूट देने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया, जिस पर विचार के बाद मुख्यमंत्री ने इसे मंजूरी दी। कुल लाभार्थी पुलिसकर्मी: 1057 माफ की गई कुल राशि: 84.56 करोड़ रुपये प्रति कर्मचारी प्रस्तावित वसूली: करीब 8 लाख रुपये
लखनऊ • उत्तर प्रदेश • पृष्ठ 1
लखनऊ में 21 नवंबर को लगेगी विशेष लोक अदालत, चेक बाउंस के लंबित मामलों का होगा निस्तारण
चेक बाउंस केस वालों के लिए बड़ी खबर! 21 नवंबर को विशेष लोक अदालत, सुलह-समझौते से मिलेगा समाधान
कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ प्रेस विज्ञप्ति 14.11.2026 एन.आई. एक्ट (चेक बाउंस) से संबंधित मामलों के निस्तारण हेतु दिनांक 21 नवंबर, 2026 विशेष लोक अदालत का आयोजन राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA), नई दिल्ली तथा माननीय कार्यपालक अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (UPSLSA) के निर्देशानुसार, संपूर्ण उत्तर प्रदेश के समस्त जनपदों में एन0आई0एक्ट, 1881 की धारा 138 (चेक बाउंस) से संबंधित लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण हेतु 'विशेष लोक अदालत' का आयोजन किया जा रहा है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के सचिव श्री कुंवर मित्रेश सिंह कुशवाहा द्वारा बताया गया कि माननीय जनपद न्यायाधीश /अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ श्री मलखान सिंह के कुशल मार्गदर्शन में जनपद न्यायालय लखनऊ में एन0आई0एक्ट, 1881 की धारा 138 से सम्बन्धित लम्बित मामलों के निस्तारण हेतु दिनांक 21.11.2026 को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। जनसामान्य और वादकारियों से अपील की जाती है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से अपने चेक बाउंस से संबंधित लंबित वादों का निस्तारण कराएं।
लखनऊ • चुनाव • पृष्ठ 1
यूपी चुनाव 2027: ओवैसी-चंद्रशेखर की संभावित जोड़ी से बदल सकता है सियासी समीकरण, सपा की बढ़ सकती हैं मुश्किलें
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के चंद्रशेखर आजाद के संभावित गठबंधन की चर्चा ने प्रदेश की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी गर्मी तेज होने लगी है। चुनाव में अभी कई महीने बाकी हैं, लेकिन राजनीतिक दलों ने अपनी रणनीति बनानी शुरू कर दी है। इसी बीच असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के संभावित गठबंधन की चर्चा ने प्रदेश की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। मुस्लिम-दलित मतदाताओं पर नजर उत्तर प्रदेश की राजनीति में मुस्लिम और दलित मतदाताओं की भूमिका काफी अहम रही है। समाजवादी पार्टी को मुस्लिम मतदाताओं का समर्थन मिलता रहा है, जबकि दलित वोट बहुजन समाज पार्टी की पारंपरिक जमीन माना जाता है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अगर दोनों नेता अपने-अपने समर्थक वर्गों को एक साथ लाने में सफल होते हैं, तो कई सीटों पर मुकाबला दिलचस्प हो सकता है। सपा के समीकरण पर असर की चर्चा चर्चा है कि ऐसा गठबंधन समाजवादी पार्टी के पारंपरिक समीकरण पर असर डाल सकता है। हालांकि अभी तक दोनों दलों की ओर से गठबंधन को लेकर कोई औपचारिक घोषणा नहीं हुई है।
कोलकाता • भारत • पृष्ठ 1
अभिषेक बनर्जी के घर के बाहर प्रशासन का एक्शन, फुटपाथ से हटाया गया टिन शेड; पुलिस पर रेकी का आरोप
कोलकाता के कालीघाट में टीएमसी सांसद और राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के घर के बाहर बने अस्थायी टिन शेड को पुलिस के निर्देश के बाद हटाया गया। इसे फुटपाथ पर अतिक्रमण बताया गया।
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में टीएमसी सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के आवास को लेकर नया विवाद सामने आया है। कोलकाता के कालीघाट स्थित उनके घर के बाहर बने अस्थायी टिन शेड को हटा दिया गया। पुलिस के निर्देश के बाद मजदूरों ने शेड हटाने की कार्रवाई की। फुटपाथ पर अतिक्रमण बताया गया बताया जा रहा है कि यह टिन शेड फुटपाथ पर अतिक्रमण करके बनाया गया था। कार्रवाई के बाद अभिषेक बनर्जी की ओर से उनके आवास के आसपास रेकी किए जाने का आरोप लगाया गया है। जन्मदिन पर हुआ था विवाद गौरतलब है कि 7 नवंबर को अभिषेक बनर्जी के जन्मदिन के मौके पर कोलकाता में उनके आवास के बाहर दो पक्षों के बीच झड़प हुई थी, जिसमें कई लोगों के घायल होने की खबर सामने आई थी। अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया था कि भाजपा समर्थकों ने उनके आवास और कार्यालय को निशाना बनाया।
गोंडा • गोंडा • पृष्ठ 1
गोंडा में ग्रामीण बेटियों की शिक्षा और करियर पर बड़ी पहल, चुनौतियों पर तैयार शोध रिपोर्ट का हुआ लोकार्पण
टाउन हॉल गोंडा में यूथिंक इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से तैयार शोध रिपोर्ट "ग्रामीण बालिकाओं के शैक्षणिक एवं करियर यात्रा में आने वाली चुनौतियों का अध्ययन" का लोकार्पण किया गया।
गोंडा। टाउन हॉल गोंडा में 14 नवंबर को यूथिंक इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से तैयार शोध रिपोर्ट "ग्रामीण बालिकाओं के शैक्षणिक एवं करियर यात्रा में आने वाली चुनौतियों का अध्ययन" का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में जीजीआईसी की प्रधानाचार्य सहित जिले के प्रमुख शिक्षक एवं शिक्षाविद शामिल हुए। क्या है शोध में संस्था के संस्थापक पुष्कर पांडे ने बताया कि शोध में ग्रामीण बालिकाओं की शिक्षा, आर्थिक स्थिति, सामाजिक मान्यताओं, सुरक्षा और करियर मार्ग से जुड़ी चुनौतियों का अध्ययन किया गया है। उन्होंने बताया कि अध्ययन के निष्कर्ष शिक्षण संस्थानों तक पहुंचाए जाएंगे। आगे भी जारी रहेगा अभियान कार्यक्रम में व्यवस्थापक और स्वयंसेवक के रूप में कई युवा मौजूद रहे। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार जताया। संस्था ने शिक्षा, करियर मार्गदर्शन और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में आगे भी काम जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।
हाथरस • हाथरस • पृष्ठ 2
हाथरस में थाना समाधान दिवस: डीएम-एसपी ने सुनीं फरियादें, गांव की सुरक्षा के प्रहरी चौकीदारों को किया सम्मानित
थाना कोतवाली मुरसान में आयोजित समाधान दिवस में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल और पुलिस अधीक्षक चिरंजीवी नाथ सिन्हा ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और चौकीदारों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
हाथरस। थाना कोतवाली मुरसान में आयोजित थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल और पुलिस अधीक्षक चिरंजीवी नाथ सिन्हा ने पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों को शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। मौके पर पहुंचकर करें समाधान: डीएम जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकारी केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि खुद मौके पर पहुंचकर समस्याओं की वास्तविक स्थिति देखें। राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों में दोनों विभागों की संयुक्त टीम समन्वय बनाकर समाधान करे। महिलाओं से जुड़ी शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ तत्काल कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। तीन शिकायतों का मौके पर निस्तारण समाधान दिवस में राजस्व और अन्य विभागों से जुड़ी समस्याएं आईं। अधिकारियों के अनुसार तीन समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि बाकी मामलों के लिए टीमें भेजी जा रही हैं। चौकीदारों का सम्मान इस अवसर पर डीएम और एसपी ने ग्रामीण क्षेत्रों में तैनात चौकीदारों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। अधिकारियों ने कहा कि गांव की सुरक्षा के स्तंभ माने जाने वाले चौकीदारों की भूमिका आगामी चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में भी अहम रहेगी। कार्यक्रम में एडीएम सदर, क्षेत्राधिकारी पुलिस सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
बदायूं • उत्तर प्रदेश • पृष्ठ 2
बदायूं में दर्दनाक हादसा: छत से गिरकर घायल जितेंद्र पाल सिंह का इलाज के दौरान निधन, क्षेत्र में शोक
बदायूं के विशाल नगर निवासी जितेंद्र पाल सिंह रात में छत पर गए थे, जहां संतुलन बिगड़ने से दूसरी मंजिल से नीचे गिर गए। बरेली के अस्पताल में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
बदायूं। बदायूं विकासखंड क्षेत्र के विशाल नगर निवासी जितेंद्र पाल सिंह का इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर से परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। कैसे हुआ हादसा परिजनों के मुताबिक, जितेंद्र पाल सिंह रात में नींद से उठकर लघुशंका के लिए छत पर गए थे। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह दूसरी मंजिल से नीचे गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। बरेली में चल रहा था इलाज हादसे के बाद परिजन उन्हें बरेली के राममूर्ति अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार चल रहा था। इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। 15 नवंबर को दसवां संस्कार परिजनों के अनुसार दिवंगत जितेंद्र पाल सिंह का दसवां संस्कार 15 नवंबर 2026, रविवार को नगर में आयोजित किया जाएगा। क्षेत्र के लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की है। स्थान: विशाल नगर, बदायूं छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए थे बरेली के राममूर्ति अस्पताल में इलाज के दौरान निधन